हिमाचल में मॉनसूनी बारिश के बीच चोटियों पर बर्फबारी, 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में मॉनसूनी बारिश के बीच चोटियों पर बर्फबारी, 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट


हिमाचल में मॉनसूनी बारिश के बीच चोटियों पर बर्फबारी, 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट


शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। एक ओर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है तो दूसरी ओर ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने सर्दियों जैसा एहसास करा दिया है। कुल्लू जिले के हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, सार पास, रोहतांग दर्रा तथा आसपास की अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हल्की ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद इन क्षेत्रों का तापमान गिरा है और पहाड़ों ने एक बार फिर सफेद चादर ओढ़ ली है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय होगा तथा कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 76.2 मिलीमीटर बारिश नैना देवी (बिलासपुर) में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जोत (चंबा) में 75.2 मिमी, घमरूर (कांगड़ा) में 61.6 मिमी, ओलिंडा (बिलासपुर) में 42.0 मिमी, बीबीएमबी बिलासपुर में 40.4 मिमी, सराहन (शिमला) में 30.5 मिमी और नंगल डैम (ऊना) में 29.6 मिमी बारिश हुई। प्रमुख शहरों में कांगड़ा में 24.6 मिमी, शिमला में 20.4 मिमी, धर्मशाला में 19.3 मिमी, माशोबरा में 18.5 मिमी, ऊना में 18.0 मिमी, देहरा गोपीपुर में 16.3 मिमी, कसौली में 14.0 मिमी, सैंज में 13.0 मिमी, नाहन में 12.8 मिमी, पालमपुर और मनाली में 11-11 मिमी, सोलन में 10.6 मिमी तथा बारमौर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पिछले दिनों हुई व्यापक बारिश के कारण प्रदेश में अब भी 130 से अधिक सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 60 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं, जबकि 370 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को बहाली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खासकर नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। 26 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 27, 28 और 29 जुलाई को मानसून और अधिक जोर पकड़ेगा तथा कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन दिनों अचानक बाढ़, भूस्खलन और नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। 30 जुलाई को भी प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।

प्रदेश के शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो आज सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति जिला के केलांग में 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कुकुमसेरी 11.9, भरमौर 12.0, ताबो 13.7, कल्पा 14.8, कुफरी 14.7, धर्मशाला 16.2, शिमला 16.4, डलहौजी 16.5, माशोबरा 16.9, कसौली 17.5, मनाली 17.9, कोटखाई 18.3, सैंज 19.0, जुब्बड़हट्टी 19.5, पालमपुर, सोलन और सेओबाग 20.0, भुंतर 20.8, ऊना 21.0, नाहन 21.1, कांगड़ा 22.2, सुंदरनगर 22.6, नेरी 22.7, सराहन 22.9, मंडी और हमीरपुर 23.6, बरठीं 23.8, बिलासपुर और पांवटा साहिब 24.0 तथा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान देहरा गोपीपुर में 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story