हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से शीतलहर, अटल टनल में वाहनों की आवाजाही बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से शीतलहर, अटल टनल में वाहनों की आवाजाही बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट


हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से शीतलहर, अटल टनल में वाहनों की आवाजाही बंद, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट


शिमला, 20 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मार्च के महीने में मौसम के कड़े मिजाज बने हुए हैं और कई हिस्सों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। राजधानी शिमला सहित मैदानी और निचले इलाकों में बीते दो दिनों से सर्द हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग ने चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे इलाकों में आज भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 26 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है।

जनजातीय जिला लाहौल स्पीति और कुल्लू में हालात सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। अटल टनल के आसपास भारी बर्फबारी के चलते करीब तीन फीट तक बर्फ जम चुकी है। इसके कारण फिलहाल सभी प्रकार के वाहनों के लिए टनल को बंद कर दिया गया है। कुल्लू प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को केवल नेहरूकुंड तक ही जाने की अनुमति दी है। आगे की आवाजाही मौसम साफ होने और सड़कों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही बहाल की जाएगी। सोलंग नाला और आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार बर्फ गिर रही है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। कुल्लू जिले में पिछले तीन-चार दिनों से ऊंची पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है। कई जगह भूस्खलन के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें भी बंद हो गई हैं। इनर अखाड़ा बाजार में भूस्खलन से कुछ मकानों पर खतरा मंडराने लगा है और इसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन घर खाली करवा दिए हैं।

बिलासपुर, ऊना, सिरमौर, सोलन, मंडी और हमीरपुर में भी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मंडी में गुरूवार शाम से बारिश हो रही है, जिससे पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। वहीं चम्बा और कांगड़ा के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई स्थानों पर अच्छी खासी बर्फबारी दर्ज की गई है। गोंदला में 21 सेंटीमीटर, हंसा में 25 सेंटीमीटर, कल्पा में 17 सेंटीमीटर, केलंग में 15 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 13.2 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। इसके अलावा मनाली में 57 मिमी और पालमपुर में 49.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो इस मौसम के हिसाब से काफी अधिक मानी जा रही है।

तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। शिमला में आज न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली में यह 3 डिग्री तक पहुंच गया। कई अन्य स्थानों पर भी पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है और लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज भी कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है, क्योंकि एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो सुंदरनगर 11.5, भुंतर 8.5, धर्मशाला 9.2, ऊना 12.7, नाहन 9.5, पालमपुर 9.0, सोलन 10.0, मनाली 3.0, कांगड़ा 12.6, मंडी 11.3 और बिलासपुर 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story