बही गांव में 8.7 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रहा अमरूद क्लस्टर, 21 किसान जुड़े

WhatsApp Channel Join Now
बही गांव में 8.7 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रहा अमरूद क्लस्टर, 21 किसान जुड़े


बही गांव में 8.7 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रहा अमरूद क्लस्टर, 21 किसान जुड़े


मंडी, 15 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार की एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से संचालित हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्य संवर्धन परियोजना (एचपी शिवा) किसानों की आर्थिकी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। परियोजना के तहत मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र के गोपालपुर विकास खंड के बही गांव में अमरूद का क्लस्टर विकसित किया जा रहा है।

इस क्लस्टर में लगभग 8.7 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की उन्नत किस्मों हिसार सफेदा और जारवी रेड के 9,180 पौधे रोपित किए गए हैं। इस पहल से 21 किसान जुड़े हैं। क्लस्टर विकास और आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर अब तक लगभग 1 करोड़ 6 लाख 54 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। परियोजना के तहत भूमि सुधार, खेतों का समतलीकरण, जल निकासी, सोलर बाड़बंदी और आधुनिक सिंचाई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) के प्रधान एवं लाभार्थी सुरेश ठाकुर ने बताया कि सोलर बाड़बंदी से पौधों को बेसहारा पशुओं और जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल रही है। वहीं, टपक सिंचाई व्यवस्था विकसित की जा रही है। जून 2025 में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने क्लस्टर में पौधरोपण कार्य का शुभारंभ किया था। वर्तमान में पौधे चार से पांच फुट तक ऊंचे हो चुके हैं।

लाभार्थी निर्मला देवी ने बताया कि पहले वह धान और गेहूं की खेती करती थीं, लेकिन जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान होता था। अब अमरूद की खेती से बेहतर आमदनी की उम्मीद है। वहीं, जगदीश चंद ने कहा कि परियोजना से किसानों की आय बढ़ने के साथ युवाओं को भी स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।

उद्यान विकास अधिकारी सरकाघाट शबनम राणा ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना का उद्देश्य पारंपरिक खेती पर निर्भरता कम कर किसानों को वैज्ञानिक बागवानी से जोड़ना है। इसके तहत उत्पादन के साथ ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777364 Articles

Share this story