हिमाचल में सड़क हादसों में छह प्रतिशत की आई कमी
शिमला, 07 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2024 के दौरान राज्य में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में गिरावट आई है। वर्ष 2023 की तुलना में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 6.48 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2024 में 2107 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2023 में 2253 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली मृत्यु की दर में भी कमी हुई गई। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2024 में 806 लोगों, जबकि वर्ष 2023 में 892 लोगों की मृत्यु हुई। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की संख्या भी वर्ष 2023 में 3449 से घटकर वर्ष 2024 में 3290 हो गई।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और इनसे होने वाली आकस्मिक मृत्य दर में कमी सरकार, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने बहुमूल्य जीवन बचाने के लिए अनेक पहल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जिम्मेदार ड्राइविंग, सड़क के बुनियादी ढांचे में सुधार और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किए हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से यातायात नियमों का प्रवर्तन मजबूत हुआ है और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली भी सुदृढ़ हुई है। राष्ट्रीय पृष्ठभूमि के संदर्भ में यह उपलब्धि विशेष रूप से सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में भारत में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में वृद्धि देखी गई, जिसमें लगभग 1.73 लाख मौतें और लगभग 4.63 लाख घायलों की रिपोर्ट की गई। इसके अलावा, प्रतिदिन औसतन 474 मौतें या हर तीन मिनट में एक व्यक्ति की जान जाती है। वर्ष 2024 के लिए भारत में सड़क दुर्घटनाओं के आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं और बाद में उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी आई हैै। प्रदेश सरकार सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देना जारी रखेगी और आने वाले वर्षों में दुर्घटनाओं को और कम करने के लिए और अधिक उपायों को लागू करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा