हिमाचल में 11 जून तक बारिश के आसार, तीन जिलों में येलो अलर्ट
शिमला, 05 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज फिलहाल पूरी तरह स्थिर नहीं है। शुक्रवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं धूप खिली रही तो कहीं बादलों का डेरा रहा। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई। राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 11 जून तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है और इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 6 जून के लिए चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 7 और 8 जून को मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है, लेकिन मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। 9 जून को फिर से पूरे प्रदेश में मौसम खराब होने के आसार हैं। 10 जून को मैदानी क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में वर्षा हो सकती है। वहीं 11 जून को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। कसौली और शिमला में 33 और 32.8 मिलीमीटर के करीब वर्षा हुई। इसके अलावा कंडाघाट और सुजानपुर टीहरा में लगभग 30-30 मिलीमीटर, धर्मपुर और नगरोटा सूरियां में करीब 20-20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोलन में 16.8 मिलीमीटर, बरमौर में 14 मिलीमीटर, कुफरी में 13 मिलीमीटर और मनाली में 8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सुंदरनगर और बिलासपुर में तेज हवाएं भी चलीं।
बारिश और बादलों के कारण इस बार जून के महीने में भी प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस और औसत तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। यही वजह है कि कई पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
शुक्रवार सुबह प्रदेश के लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस, केलांग 5.6, कल्पा 9.6, कुफरी 11.5, मनाली 11.9, ताबो 12.0, बरमौर 14.0, भुंतर 14.2, शिमला 14.4, सेओबाग 15.0, पालमपुर 16.5, सोलन 17.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, चंबा 17.6, नाहन 17.8, धर्मशाला 18.2, सुंदरनगर 20.0, नेरी 20.0, ऊना 20.4, कांगड़ा 20.8, मंडी 21.6, बरठीं 21.7, देहरा गोपीपुर 22.0, बिलासपुर 22.5 और पांवटा साहिब 26.0 डिग्री सेल्सियस।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

