मंडी जिला में तीन साल में 27 हत्याएं, 178 चोरी के मामले

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 22 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पिछले करीब तीन वर्षों में हत्या की 27 और चोरी की 178 वारदातें दर्ज हुई हैं। इस अवधि में जिले में पुलिस के विभिन्न श्रेणियों के 178 पद भी खाली हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को विधानसभा में बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी के सवाल के लिखित जवाब में दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अगस्त 2023 से 31 दिसंबर 2023 के बीच मंडी जिले में हत्या के आठ मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2024 में सात, वर्ष 2025 में चार और वर्ष 2026 में 1 अगस्त तक हत्या के आठ मामले सामने आए। इस तरह इस अवधि में हत्या के कुल 27 मामले दर्ज हुए।

चोरी के मामलों की बात करें तो 1 अगस्त 2023 से 31 दिसंबर 2023 के बीच जिले में 30 मामले दर्ज हुए। वर्ष 2024 में चोरी के 69, वर्ष 2025 में 54 और वर्ष 2026 में 1 अगस्त तक 25 मामले दर्ज किए गए। इन सभी को मिलाकर चोरी के कुल 178 मामले सामने आए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडी जिला पुलिस में विभिन्न श्रेणियों के कुल 178 पद रिक्त हैं। वर्ष 2024 में पुलिस के 92 पद खाली थे। वर्ष 2025 में रिक्त पदों की संख्या 124 रही और 1 अगस्त 2026 की स्थिति में यह संख्या बढ़कर 178 हो गई।

उन्होंने बताया कि मंडी जिले में कार्यकारी पुलिस के तहत निरीक्षक के दो, उप निरीक्षक के चार और सहायक उप निरीक्षक के 14 पद खाली हैं। इन पदों को निकट भविष्य में पदोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य आरक्षी के 61 खाली पदों को पदोन्नति से भरने का मामला हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में विचाराधीन है। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद इन पदों को नियमानुसार पदोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा।

इसके अलावा कांस्टेबल के 800 पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग को भर्ती की मांग पहले ही भेजी जा चुकी है। सरकार की ओर से इन पदों को भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरने की कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में मंडी जिले में कार्यकारी पुलिस के कुल 1080 पद स्वीकृत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story