हिमाचल में प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन नौवें दिन भी जारी

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन नौवें दिन भी जारी


शिमला, 03 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन सोमवार को नौवें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा में जारी रहा। संघ का कहना है कि अनशन पूरे जोश, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ चल रहा है और शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

संघ के अनुसार सोमवार को अनशन में जिला सिरमौर के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें जिला अध्यक्ष जय प्रकाश, जिला महासचिव चतर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कश्यप, महालेखाकार सुधीर ठाकुर और सुरला खंड के महासचिव रामलाल शर्मा शामिल रहे। इन पदाधिकारियों ने शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।

शिक्षक संघ ने बताया कि यह आंदोलन लंबे समय से चल रहे विरोध का हिस्सा है। संघ के मुताबिक 11 जुलाई को न्याय यात्रा शुरू की गई थी, जो पैदल चलकर शिमला पहुंची। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान, शिमला में एक बड़ा धरना आयोजित किया गया। उसी के बाद निदेशालय स्कूल शिक्षा परिसर में क्रमिक अनशन शुरू किया गया, जो अब लगातार जारी है।

संघ का कहना है कि प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के करीब 5 हज़ार खाली पदों को जल्द भरा जाए। इसके साथ ही नर्सरी शिक्षकों की भर्ती शुरू करने, मुख्य शिक्षक पदोन्नति का लाभ देने, जेबीटी शिक्षकों को टीजीटी पद पर पदोन्नति देने और हायर ग्रेड पे का लाभ जारी करने सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा किया जाए।

शिक्षक संघ का कहना है कि इन मांगों को लेकर सरकार के समक्ष लगातार अपनी बात रखी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी कारण संगठन आंदोलन जारी रखे हुए है। संघ ने कहा कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक क्रमिक अनशन और अन्य लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा संघर्ष जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story