हिमाचल पुलिस का ‘वॉच एंड पेट्रोल’ मॉडल शिमला के बाद मनाली, सोलन और मैक्लोडगंज में लागू
शिमला, 05 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस की ‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल अब राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों तक विस्तार की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल पहले शिमला के मॉल रोड पर लागू की गई थी, जहां इसे लोगों और पर्यटकों से अच्छा प्रतिसाद मिला। अब इस मॉडल को मनाली, सोलन और मैक्लोडगंज जैसे पर्यटन स्थलों पर भी लागू किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि इस पहल के तहत पुलिस जवानों को औपचारिक वर्दी में प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाता है। उनकी भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, वे पर्यटकों की सहायता करने, उन्हें सही दिशा बताने और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद उपलब्ध कराने का काम भी करते हैं। पुलिस का यह दोस्ताना और सहयोगी रवैया लोगों में भरोसा बढ़ाने में मदद कर रहा है।
प्रवक्ता के मुताबिक मॉल रोड, शिमला में इस व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। यहां आने वाले पर्यटकों ने पुलिस की तत्परता और व्यवहार की सराहना की है, जिससे उनके बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। इसी अनुभव को देखते हुए पुलिस विभाग ने इसे अन्य पर्यटन स्थलों तक विस्तार देने का फैसला किया है।
राज्य के डीजीपी अशोक तिवारी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को एक सुरक्षित और पर्यटक-मित्र राज्य के रूप में स्थापित करना है। साथ ही, यह प्रयास पुलिस की छवि को एक मददगार और भरोसेमंद संस्था के रूप में मजबूत करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

