शिमला से हमीरपुर शिफ्ट हुआ हिमाचल पुलिस का कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज निदेशालय

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 20 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शिमला शहर पर बढ़ते प्रशासनिक दबाव को कम करने और प्रदेश सरकार की बजट घोषणा को अमलीजामा पहनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज (सी एंड टीएस) निदेशालय को शिमला से हमीरपुर स्थानांतरित कर दिया गया है और अब यह निदेशालय वहां से पूरी तरह काम करना शुरू कर चुका है।

पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने सोमवार को ये जानकारी दी।

प्रवक्ता के अनुसार यह स्थानांतरण प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और संतुलित क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक अहम पहल है। हमीरपुर में नए परिसर से निदेशालय का संचालन जिला प्रशासन के सहयोग से शुरू किया गया है। इस कदम से न केवल शिमला में सरकारी कार्यालयों का दबाव कम होगा, बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस की तकनीकी सेवाओं और संचार व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस प्रवक्ता ने आगे कहा कि तकनीकी और संचार से जुड़े महत्वपूर्ण ढांचे को फील्ड इकाइयों के अधिक नजदीक लाने से जिलों के बीच समन्वय बेहतर होगा। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और पुलिस को तकनीकी सहायता समय पर मिल सकेगी। साथ ही, फील्ड स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story