हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 11 बजे तक 43% मतदान, शतकवीर बुजुर्गों ने बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 11 बजे तक 43% मतदान, शतकवीर बुजुर्गों ने बढ़ाया उत्साह


हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 11 बजे तक 43% मतदान, शतकवीर बुजुर्गों ने बढ़ाया उत्साह


शिमला, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में वीरवार को लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही प्रदेश के कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।

मौसम के बदलते मिजाज और कई जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि व बिजली गिरने की चेतावनी के बावजूद ग्रामीण इलाकों में लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह के शुरुआती दो घंटों में करीब 21 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जबकि पूर्वान्ह 11 बजे तक प्रदेश में औसतन 43 फीसदी मतदान हो चुका था। सिरमौर जिला सबसे आगे रहा, जहां 50 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद सोलन में 48, शिमला में 45, हमीरपुर में 43, बिलासपुर, कुल्लू और मंडी में 42-42, कांगड़ा में 41, किन्नौर में 40 फीसदी मतदान हुआ। सबसे धीमी मतदान गति लाहौल-स्पीति और चंबा में रही, जहां 35-35 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

प्रदेश की 1276 ग्राम पंचायतों में हो रहे इस चरण के चुनाव में 17 लाख 30 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान अपराह्न तीन बजे तक चलेगा, जबकि इसके बाद पंचायतों में ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी।

इन चुनावों में शतकवीर बुजुर्ग मतदाताओं ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।

शिमला जिले की ग्राम पंचायत भटवाड़ी झटवाड़ी के वार्ड नंबर-4 में 107 वर्षीय धर्मपति देवी ने मतदान किया। बिलासपुर जिले के हरनोड़ा पंचायत के नेहर वार्ड नंबर-1 में 106 वर्षीय संत राम वोट डालने पहुंचे। शिमला जिले की ग्राम पंचायत बलघार के बजरोली पुल में 102 वर्षीय पाड़ी देवी ने मतदान कर जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश दिया। चंबा जिले के सियूर क्षेत्र के रायतान मतदान केंद्र में 100 वर्षीय अर्जुन सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बिलासपुर जिले की सुईं-सुरहाड़ पंचायत के चिलाग बुंगर वार्ड नंबर-2 में 100 वर्षीय महांति देवी ने भी मतदान किया।

इसके अलावा कुल्लू जिले में 97 वर्षीय आंगमों देवी वोट डालने पहुंचीं।

शिमला जिले की ग्राम पंचायत पौड़िया में 96 वर्षीय वीर सिंह ने मतदान किया, जबकि लालपानी पंचायत के गुणसा वार्ड के 95 वर्षीय हरि सिंह करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचे। पौड़िया पंचायत में ही 90 वर्षीय गोकलू देवी ने भी वोट डाला। शिमला जिले की मधाना पंचायत के 89 वर्षीय मंगत राम और किरण पंचायत के थंगाड़ वार्ड के 88 वर्षीय मतदाता ने भी मतदान में हिस्सा लिया।

पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में भी उत्साह दिखा। शिमला जिले की भराना पंचायत के गड़ली भराना मतदान केंद्र में 19 वर्षीय ध्रुव शर्मा और 20 वर्षीय ज्योति ने पहली बार मतदान किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने भी हमीरपुर जिले के समीरपुर बूथ में परिवार सहित मतदान किया। उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पंचायती राज व्यवस्था का बहुत बड़ा महत्व है। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर लागू होने के बाद चुनाव परिणामों में पारदर्शिता बढ़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story