हिमाचल पंचायत चुनाव : बारिश के बीच मतदान में तेजी, दोपहर एक बजे तक 56 फीसदी वोटिंग, शतकवीर मतदाताओं ने भी डाला वोट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल पंचायत चुनाव : बारिश के बीच मतदान में तेजी, दोपहर एक बजे तक 56 फीसदी वोटिंग, शतकवीर मतदाताओं ने भी डाला वोट


शिमला, 30 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में शनिवार को खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। राज्य की 1189 ग्राम पंचायतों में दोपहर एक बजे तक औसतन 56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई इलाकों में बारिश और बादल छाए रहने के बावजूद मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें लगी रहीं।

पहली बार मतदान करने पहुंचे युवा मतदाताओं में भी खास उत्साह देखा गया। सुबह नौ बजे तक करीब 20 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 11 बजे तक बढ़कर 41 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद मतदान की रफ्तार और तेज हुई तथा दोपहर एक बजे तक कुल मतदान 56 प्रतिशत दर्ज किया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान के मामले में सिरमौर जिला सबसे आगे बना हुआ है। यहां दोपहर एक बजे तक 63.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद सोलन में 62.32 प्रतिशत, किन्नौर में 60.86 प्रतिशत और शिमला में 59.26 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल्लू में 57.04 प्रतिशत, हमीरपुर में 56.17 प्रतिशत, लाहौल-स्पीति में 56.03 प्रतिशत और मंडी में 55.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं ऊना में 53.25 प्रतिशत, चम्बा में 51.70 प्रतिशत, कांगड़ा में 50.98 प्रतिशत और बिलासपुर में 50.95 प्रतिशत मतदान हुआ। बिलासपुर जिला मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे पीछे रहा। इससे पहले सुबह 11 बजे तक सिरमौर में 49.28 प्रतिशत मतदान के साथ प्रदेश में सबसे अधिक वोटिंग दर्ज की गई थी।

बारिश और आंधी के बीच भी ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। शिमला, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और अन्य जिलों के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन मतदाता लगातार मतदान केंद्रों तक पहुंचते रहे। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कई मतदान केंद्रों पर युवा मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। ग्रामीण इलाकों में लोगों ने इसे गांव की सरकार चुनने का अवसर मानते हुए बढ़-चढ़कर मतदान किया।

इस चुनाव की सबसे खास तस्वीरें बुजुर्ग मतदाताओं से सामने आईं। शिमला जिले के ग्राओं क्षेत्र के रेस्मू वार्ड नंबर-1 में 100 वर्षीय महिला मतदाता ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं शिमला जिला के दलगांव-1 के वार्ड नंबर-2 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय दलगांव मतदान केंद्र पर 105 वर्षीय ठाकुर दास ने भी गर्व के साथ मतदान किया। इससे पहले चुनाव के दौरान कई अन्य शतायु मतदाता भी मतदान केंद्र पहुंचे थे। इन तस्वीरों ने लोकतंत्र के प्रति लोगों की आस्था को एक बार फिर सामने रखा।

प्रदेश में शनिवार को हो रहे मतदान के साथ पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण पूरा हो जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के नतीजे अगले दिन जारी होंगे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में अगले पांच वर्षों के लिए नई पंचायतों का गठन हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story