हिमाचल में पेंशनरों के लिए राहत, 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया एरियर की किस्त जारी

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में पेंशनरों के लिए राहत, 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया एरियर की किस्त जारी


शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के हजारों पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के पेंशन एरियर की एक और किस्त जारी करने का फैसला लिया है। वित्त (पेंशन) विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में कार्यालय ज्ञापन जारी किया है। सरकार ने अपने 17 सितंबर 2022 के आदेश के क्रम में यह फैसला लिया है। आदेश के अनुसार पात्र पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को अगस्त 2026 के दौरान एरियर की स्वीकृत राशि का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 3 दिन पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह में पेंशनरों को उनके बकाया एरियर के भुगतान की घोषणा की थी।

किस श्रेणी को कितना एरियर मिलेगा

सरकार के आदेश के मुताबिक क्लास-III श्रेणी के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को कुल बकाया एरियर का 35 प्रतिशत जारी किया जाएगा। यह लाभ उन मामलों में मिलेगा जहां मूल पेंशन 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक और पारिवारिक पेंशन 24 हजार रुपये प्रतिमाह तक है। क्लास-II श्रेणी के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को कुल बकाया एरियर का 15 प्रतिशत मिलेगा। इस श्रेणी में मूल पेंशन 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक और पारिवारिक पेंशन 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक शामिल है। वहीं क्लास-I श्रेणी के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को भी 15 प्रतिशत एरियर जारी किया जाएगा। इस श्रेणी में मूल पेंशन 60 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 1,09,300 रुपये तथा पारिवारिक पेंशन 40 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 65,580 रुपये प्रतिमाह तक के मामले शामिल किए गए हैं।

पहले जारी राशि को किया जाएगा समायोजित

वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि एरियर का भुगतान करते समय पहले से दी गई अंतरिम राहत की पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी किस्त को समायोजित किया जाएगा। इसके अलावा पूर्व में स्वीकृत 12 किस्तों की महंगाई राहत को भी सकल एरियर राशि में जोड़ा जाएगा। इन सभी समायोजनों के बाद जो शुद्ध राशि बचेगी, उसी का भुगतान संबंधित पेंशनर या पारिवारिक पेंशनर को किया जाएगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी मामले में कोई अतिरिक्त भुगतान वसूल किया जाना है तो उसे भी एरियर से समायोजित किया जाएगा और शेष राशि ही जारी होगी।

अब तक कितना एरियर जारी हो चुका

सरकार के अनुसार इस नई किस्त के जारी होने के बाद क्लास-III श्रेणी के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को कुल बकाया एरियर का 55 प्रतिशत जारी हो जाएगा। वहीं क्लास-I और क्लास-II श्रेणी के पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनरों को कुल बकाया एरियर का 35 प्रतिशत जारी हो चुका होगा। सरकार ने सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों (पीडीए) और बैंकों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत एरियर राशि इसी महीने संबंधित लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जाए। इस आदेश का लाभ उन पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को मिलेगा जो 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए हैं और जिनके एरियर का भुगतान अभी बाकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story