हिमाचल पंचायत चुनाव (दूसरा चरण) : शुरुआती दो घंटे में 21 फीसदी मतदान, 107 वर्षीय धर्मपति ने डाला वोट
शिमला, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए वीरवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। प्रदेश की 1276 ग्राम पंचायतों में लोग अपने गांव की नई सरकार चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। मतदान के शुरुआती दो घंटों में करीब 21 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। ग्रामीण इलाकों में बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक चलेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 17 लाख 30 हजार 30 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 8 लाख 74 हजार 416 पुरुष, 8 लाख 55 हजार 597 महिलाएं और 17 अन्य मतदाता शामिल हैं। प्रदेशभर में करीब सात हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह नौ बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार ऊना जिले में सबसे अधिक 23 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 14 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा शिमला में 22 फीसदी, सिरमौर में 22.89 फीसदी, सोलन में 22.79 फीसदी, कुल्लू में 21 फीसदी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में 20-20 फीसदी, जबकि किन्नौर और चंबा में 18-18 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
इस बार चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह देखा जा रहा है। शिमला जिले की ग्राम पंचायत भटवारी झटवारी के वार्ड नंबर-4 में 107 वर्षीय वयोवृद्ध महिला धर्मपति ने मतदान कर लोगों को प्रेरित किया। वहीं शिमला जिले के बलघर ग्राम पंचायत के बाजरोली पुल में 102 वर्षीय पाड़ी देवी ने अपना वोट डालकर जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश दिया। चंबा जिले के सियूर क्षेत्र के जीपीएस रैतान मतदान केंद्र में 100 वर्षीय अर्जुन सिंह ने मतदान किया।
शिमला जिले की ग्राम पंचायत लालपानी के गुणसा वार्ड के 95 वर्षीय हरि सिंह लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला। शिमला जिले की ग्राम पंचायत पौडिया के क्यारनु और कोटी वार्ड में 96 वर्षीय वीर सिंह और 90 वर्षीय गोकलू देवी ने मतदान किया। शिमला की मधाना पंचायत के वार्ड नंबर-3 में 89 वर्षीय मंगत राम भी मतदान करने पहुंचे। वहीं किरण पंचायत के थंगाड़ वार्ड में 88 वर्षीय मतदाता ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खास उत्साह देखा गया। शिमला जिले की ग्राम पंचायत भराना के गड़ली भराना मतदान केंद्र में 19 वर्षीय ध्रुव शर्मा और 20 वर्षीय ज्योति पहली बार वोट डालने पहुंचे। मतदान केंद्रों पर युवाओं ने सेल्फी लेकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी दर्ज करवाई।
प्रदेश के निचले व मैदानी इलाकों में सुबह तेज धूप खिली रही, जबकि शिमला सहित कुछ क्षेत्रों में बादल भी छाए रहे। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट भी दिया गया है। प्रशासन ने मतदान दलों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायतों में ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और देर रात तक प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की मतगणना 31 मई को होगी।
प्रदेश में 26 मई को हुए पहले चरण के मतदान में 1293 पंचायतों में 78.90 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जो पिछली पंचायत चुनाव की तुलना में अधिक रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

