हिमाचल में पंचायत-नगर निकाय चुनाव तक चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों के तबादलों पर रोक

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 27 मार्च (हि.स.)। निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में पंचायतों और शहरी निकायों के आगामी चुनावों को देखते हुए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी है। आयोग ने इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देशों की जानकारी देने को कहा है, जिससे चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारु रूप से पूरी हो सके।

आयोग ने अपने आदेश में बताया है कि उच्चतम न्यायालय ने एसएलपी (सिविल) संख्या 5451/2026 के निपटारे के दौरान निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव 31 मई 2026 तक पूरे कराए जाएं। इसी निर्देश के तहत राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावों की तैयारी तेज कर दी है और मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण सहित कई अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पहले ही शुरू कर दी गई हैं।

आयोग का कहना है कि चुनाव से जुड़ी इन गतिविधियों के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की लगातार मौजूदगी और निगरानी जरूरी होती है। ऐसे में अगर इस दौरान उनके तबादले किए जाते हैं तो चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसी कारण चुनाव कार्य से सीधे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर फिलहाल रोक लगाई गई है।

आयोग ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994, नगर पालिका अधिनियम 1994 और नगर निगम अधिनियम 1994 के संबंधित प्रावधानों के अनुसार चुनाव से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी चुनाव अवधि के दौरान आयोग के नियंत्रण और अनुशासन के अधीन माने जाते हैं। इसलिए इस अवधि में उनका तबादला बिना आयोग की अनुमति के नहीं किया जा सकता।

हालांकि आयोग ने यह भी कहा है कि यदि किसी अपरिहार्य स्थिति में तबादला करना जरूरी हो, जैसे किसी अधिकारी की गंभीर स्वास्थ्य समस्या, अनुशासनात्मक कारण या अदालत के आदेश, तो संबंधित विभाग को पहले आयोग से अनुमति लेनी होगी। तबादला आदेश जारी करते समय यह स्पष्ट उल्लेख करना भी अनिवार्य होगा कि आयोग से पूर्व अनुमति ली गई है।

आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि बिना अनुमति के तबादला आदेश जारी किया गया या संबंधित अधिकारी को कार्यमुक्त किया गया, तो इसके लिए संबंधित कार्यालय प्रमुख जिम्मेदार होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story