हिमाचल में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, घबराकर खरीदारी न करने की अपील

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 19 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने कहा है कि राज्य में सभी सप्लाई चैनलों के माध्यम से ईंधन की निर्बाध उपलब्धता जारी है और किसी तरह की कमी या प्रतिबंध की स्थिति नहीं है।

कंपनियों की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि टर्मिनलों, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और पेट्रोल पंपों तक पूरी आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से काम कर रही है। राज्यभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा मांग के अनुसार लगातार पुनःपूर्ति की जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है।

आईओसीएल शिमला के डिविजनल रिटेल हेड और हिमाचल प्रदेश के एसएलसी रचित अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि पूरे प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और पेट्रोल पंपों के जरिए ईंधन की सप्लाई लगातार जारी है और किसी तरह का कोई व्यवधान नहीं है।

उन्होंने बताया कि तेल कंपनियां ईंधन के स्टॉक और सप्लाई पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि सभी क्षेत्रों में समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की सप्लाई भी सामान्य रूप से दी जा रही है।

रचित अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वे किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें। उन्होंने कहा कि राज्य में ईंधन की स्थिति पूरी तरह सामान्य और स्थिर है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि ईंधन उपलब्धता से जुड़ी जानकारी के लिए केवल तेल कंपनियों के आधिकारिक बयान और सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story