हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र में गूंजेंगे 1036 सवाल, 21 अगस्त से शुरू होगा सत्र

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र में गूंजेंगे 1036 सवाल, 21 अगस्त से शुरू होगा सत्र


शिमला, 19 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होकर 3 सितंबर तक चलेगा। 14वीं विधानसभा के इस सत्र में कुल 10 बैठकें प्रस्तावित हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को बताया कि सत्र के दौरान जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है और विधायकों की ओर से बड़ी संख्या में प्रश्न प्राप्त हुए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि मानसून सत्र के लिए कुल 1036 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इनमें 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं और संबंधित विभागों को उत्तर तैयार करने के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों के प्रश्नों में प्रदेश में भारी बारिश से सड़कों और पेयजल योजनाओं को हुए नुकसान, शिक्षा विभाग में रिक्त पदों की स्थिति, सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में प्रधानाचार्यों और प्रवक्ताओं की तैनाती, स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी तथा मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक मशीनों और दवाओं की उपलब्धता जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल हैं।

कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि विभिन्न नियमों के तहत सदन की कार्यवाही के लिए भी कई सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। उनके अनुसार 13 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नियम 63 के तहत दो घंटे की चर्चा के लिए दो सूचनाएं दी गई हैं। नियम 101 के अंतर्गत गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए पांच सूचनाएं मिली हैं, जबकि नियम 130 के तहत प्रदेश हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए 15 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।

उन्होंने कहा कि संसदीय परंपराओं के अनुसार सदन के भीतर कही गई बात को सत्य माना जाता है। ऐसे में सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों के आधार पर चर्चा करें और सदन की गरिमा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्य उत्पादकता देशभर में बेहतर रही है और कई सत्रों में यह 90 से 132 प्रतिशत तक दर्ज की गई है। उनका कहना है कि सदन की प्रभावी कार्यवाही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है।

मंत्रियों की ओर से सदन में दिए जाने वाले आश्वासनों के क्रियान्वयन के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में विभिन्न स्टैंडिंग कमेटियां विभागों की समीक्षा करती हैं। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता महसूस हुई तो मंत्रियों के आश्वासनों की निगरानी और समीक्षा के लिए विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में अलग से “एश्योरेंस कमेटी” के गठन पर भी विचार किया जा सकता है।

मानसून सत्र के सुचारु संचालन को लेकर 20 अगस्त को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के साथ सत्र की कार्यवाही को लेकर चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सभी दल जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा में सहयोग देंगे।

उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को सत्र के पहले दिन दिवंगत पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद विधानसभा की विधिवत कार्यवाही शुरू होगी। आगामी 10 बैठकों के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने के साथ-साथ प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय सदन में उठने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story