हिमाचल प्रदेश में डॉक्टरों के 228 पदों पर नौकरी का मौका, कल से शुरू होंगे आवेदन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 18 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में डॉक्टरों के लिए सरकारी स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का बड़ा मौका आया है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर के 228 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ट्रेनी के तौर पर 34 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 सितंबर से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्तूबर तक आयोग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में विभिन्न श्रेणियों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। कुल 228 पदों में सामान्य श्रेणी के 64 पद अनारक्षित हैं। अनुसूचित जाति के 19, अनुसूचित जनजाति के 9, अन्य पिछड़ा वर्ग के 18 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 15 पद हैं। दिव्यांग श्रेणी के लिए 24 पद और पूर्व सैनिकों के लिए 53 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी वर्ग के दो पद भी शामिल हैं। भर्ती में आरक्षित श्रेणियों के तहत अलग-अलग उपश्रेणियों के पद भी रखे गए हैं।

इनमें अनुसूचित जाति के पूर्व सैनिक वर्ग के आठ और अनुसूचित जाति के स्वतंत्रता सेनानी वर्ग के तीन पद शामिल हैं। अनुसूचित जनजाति के दिव्यांग वर्ग के चार और पूर्व सैनिक वर्ग के तीन पद रखे गए हैं।

इसी तरह अन्य पिछड़ा वर्ग के पूर्व सैनिक वर्ग के चार और स्वतंत्रता सेनानी वर्ग के दो पद निर्धारित किए गए हैं। आयोग के विज्ञापन के अनुसार इन सभी पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने को कहा है। आवेदन प्रक्रिया 19 सितंबर से शुरू होने के बाद अभ्यर्थी 16 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती में अलग-अलग आरक्षित श्रेणियों के लिए निर्धारित पदों के कारण संबंधित वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को भी इसमें आवेदन का अवसर मिलेगा।

चयन प्रक्रिया से जुड़ी अन्य शर्तें और आवश्यक जानकारी आयोग की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन में दी गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गई शर्तों और निर्देशों को देखना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story