हिमाचल में रविवार को आएंगे चार नगर निगमों और जिप-बीडीसी के नतीजे, सुबह 9 बजे शुरू होगी मतगणना

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में रविवार को आएंगे चार नगर निगमों और जिप-बीडीसी के नतीजे, सुबह 9 बजे शुरू होगी मतगणना


शिमला, 30 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव और नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब लोगों की नजरें मतगणना पर टिक गई हैं। रविवार को प्रदेश भर में पंचायत समिति, जिला परिषद और चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना सुबह नौ बजे शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तथा कैमरों की निगरानी में संपन्न करवाई जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में 1769 पंचायत समिति सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गिनती 92 विकास खंडों में की जाएगी। वहीं सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगमों के चुनाव परिणामों की गणना संबंधित निगम मुख्यालयों में होगी। नगर निगम चुनाव ईवीएम के माध्यम से हुए हैं, इसलिए इनके नतीजे अपेक्षाकृत जल्दी आने की संभावना है। उम्मीद है कि नगर निगमों के अधिकांश परिणाम सुबह 11 बजे तक सामने आ जाएंगे।

मतगणना को पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतगणना केंद्रों में केवल अधिकृत कर्मचारियों और प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए सभी को विशेष पास जारी किए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतगणना केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में बिना वैध पास किसी भी व्यक्ति को आने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सभी उपायुक्तों को भी मतगणना केंद्रों के आसपास आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से होगी। सबसे पहले पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गिनती की जाएगी। इसके बाद जिला परिषद सीटों के मतों की गणना होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणामों को अंतिम अनुमोदन के लिए संबंधित उपायुक्तों को भेजा जाएगा और उनकी स्वीकृति के बाद आधिकारिक परिणाम घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक में मतगणना के लिए 50 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

मतगणना शुरू होने से पहले सीलबंद मतपेटियों को खोला जाएगा और पंचायत समिति तथा जिला परिषद के मतों को अलग-अलग छांटा जाएगा। इसके बाद कुल मतदान के आंकड़ों का मिलान कर मतों की गिनती शुरू की जाएगी।

बता दें कि प्रदेश में पंचायत और नगर निगम चुनावों को लेकर इस बार लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला था। ऐसे में अब उम्मीदवारों के साथ-साथ आम जनता भी चुनाव परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रही है। कई क्षेत्रों में मुकाबले बेहद रोचक माने जा रहे हैं और नतीजे स्थानीय राजनीति की दिशा तय करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story