हिमाचल में भूस्खलन से 153 सड़कें बंद, 10-11 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में भूस्खलन से 153 सड़कें बंद, 10-11 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट


हिमाचल में भूस्खलन से 153 सड़कें बंद, 10-11 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट


शिमला, 08 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बारिश के बीच भूस्खलन ने सड़क संपर्क को प्रभावित किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शनिवार तक राज्य में 153 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 92 बिजली ट्रांसफार्मर और 77 पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। आने वाले दिनों में बारिश और बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जिलावार स्थिति देखें तो मंडी सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 65 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 42, शिमला में 26, चंबा में चार, सिरमौर में आठ, कांगड़ा में पांच और ऊना में तीन सड़कें बंद हैं। बिजली आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ा है। लाहौल स्पीति में 77, चम्बा में 10, शिमला में चार और किन्नौर में एक बिजली ट्रांसफार्मर बंद है। पेयजल की 77 योजनाएं प्रभावित हैं। इनमें सिरमौर की 55 और हमीरपुर की 10 योजनाएं शामिल हैं।

राज्य में अगले कुछ दिनों के दौरान मॉनसून के और सक्रिय होने का अनुमान है। 9 अगस्त को ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 10 अगस्त को बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। इस दिन कांगड़ा और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। ऊना, बिलासपुर, कुल्लू, मंडी और सोलन में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

11 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, शिमला और सोलन में इस दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 12 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट है। 13 और 14 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। कांगड़ा के धर्मशाला में सबसे ज्यादा 48.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुल्लू के बाजौरा ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 31.5 मिलीमीटर, मनाली में 22 मिलीमीटर, मंडी के स्लैपर में 21.8 मिलीमीटर और कुल्लू के भुंतर में 21 मिलीमीटर बारिश हुई।

मंडी के मुरारी देवी में 20 मिलीमीटर, कुल्लू के कोठी में 18 मिलीमीटर और मंडी के जोगिंदरनगर में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के सराहन में 15.6 मिलीमीटर, मंडी के सुंदरनगर में 15 मिलीमीटर और शिमला में भी 15 मिलीमीटर बारिश हुई। सिरमौर के धौलाकुआं ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

शनिवार को शिमला सहित कई इलाकों में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दिनों में बारिश तेज होने की संभावना को देखते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। सड़कें बंद होने के कारण प्रभावित इलाकों में आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है। लोगों को मौसम खराब होने के दौरान संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story