शिमला : कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
शिमला : कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान


शिमला, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को शिमला में उपायुक्त कार्यालय स्थित बचत भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को उनके साहस, शौर्य और राष्ट्र सेवा के लिए शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने उपस्थित लोगों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों का योगदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय को 27 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण केवल एक दिन का विषय नहीं है। इसके लिए समाज के सभी लोगों को अपने-अपने दायित्व का ईमानदारी से पालन करना होगा।

उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता की जिम्मेदारी केवल भारतीय सेना की नहीं है। हर नागरिक का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने और युवाओं को खेलों से जोड़ने जैसे क्षेत्रों में सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में नशा, विशेष रूप से चिट्टा, समाज के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है और इसके खिलाफ हर वर्ग को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में कारगिल विजय दिवस का आयोजन और व्यापक स्तर पर करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में अनेक सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को नमन किया और सभी सेवारत तथा पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में उपनिदेशक सैनिक कल्याण विभाग अतुल चंबियाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि एसडीएम एवं सहायक आयुक्त मंजीत शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में सूबेदार मेजर शाम लाल शर्मा, सूबेदार मेजर दिवाकर दत्त शर्मा, सूबेदार वेद प्रकाश शर्मा, हवलदार लक्ष्मी दत्त शर्मा, हवलदार राम लाल शर्मा, हवलदार प्रवीण शर्मा और नाइक जय सिंह को सम्मानित किया गया। इस दौरान कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायक वृत्तचित्र भी दिखाया गया। पोर्टमोर स्कूल की छात्राओं जन्नत और एकता तथा संस्कृत कॉलेज फागली की छात्रा सुहानी ने देशभक्ति पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं। उपायुक्त ने तीनों छात्राओं को एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और टोपी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले सैनिकों ने अपने अनुभव भी साझा किए और युद्ध के दौरान भारतीय सेना के साहस, अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा से जुड़े प्रसंग सुनाए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने ध्यान से सुना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story