हिमाचल में आठ आईएएस समेत 13 अधिकारियों की रिटायरमेंट तय, जनवरी से अक्टूबर 2027 तक होगी विदाई

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में आठ आईएएस समेत 13 अधिकारियों की रिटायरमेंट तय, जनवरी से अक्टूबर 2027 तक होगी विदाई


शिमला, 22 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने आठ आईएएस अधिकारियों समेत 13 अधिकारियों की सेवानिवृत्ति की तारीख तय कर दी है। इनमें प्रदेश सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं। कार्मिक विभाग की ओर से इस सम्बंध में अधिसूचना जारी हुई है।

आठ आईएएस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति

आईएएस अधिकारियों में सबसे पहले 2018 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. पंकज ललित सेवानिवृत्त होंगे। वह वर्तमान में निदेशक, महिला एवं बाल विकास, हिमाचल प्रदेश, शिमला के पद पर हैं। उनकी सेवानिवृत्ति 31 जनवरी 2027 को होगी।

इसके बाद 1994 बैच के आईएएस अधिकारी ओंकार चंद शर्मा 28 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। वह हिमाचल प्रदेश सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव, जनजातीय विकास एवं परिवहन हैं। इसके साथ ही वह रोपवेज एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, शिमला के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।

2018 बैच के आईएएस अधिकारी दलीप कुमार नेगी भी 28 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। वह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार में विशेष सचिव, राज्य कर एवं आबकारी और गृह के पद पर हैं।

2010 बैच के आईएएस अधिकारी चंदर प्रकाश वर्मा की सेवानिवृत्ति 30 सितंबर 2027 को होगी। वह वर्तमान में सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता हिमाचल प्रदेश सरकार शिमला हैं। उनके पास सचिव, लोकायुक्त हिमाचल प्रदेश का पद भी है।

2014 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज राय भी 30 सितंबर 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। वह वर्तमान में डिप्टी डायरेक्टर (एडमिन), पीजीआईएमईआरचंडीगढ़ के पद पर हैं।

2015 बैच के आईएएस अधिकारी हरबंस सिंह ब्रास्कॉन की सेवानिवृत्ति 31 अक्टूबर 2027 को होगी। वह हिमाचल प्रदेश सरकार में विशेष सचिव, पीडब्ल्यूडी, एसएडी, जीएडी और संसदीय कार्य के पद पर हैं। वह सीईओ-कम-एमडी, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, शिमला भी हैं।

2019 बैच के आईएएस अधिकारी सतीश कुमार शर्मा 31 अगस्त 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। वह वर्तमान में निदेशक, राजस्व प्रशिक्षण संस्थान, जोगिंदरनगर, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के पद पर हैं।

2019 बैच के आईएएस अधिकारी आशीष कुमार कोहली की सेवानिवृत्ति 31 अक्टूबर 2027 को होगी। वह वर्तमान में निदेशक, स्कूल शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के पद पर हैं।

इस तरह आईएएस अधिकारियों में सबसे पहले डॉ. पंकज ललित 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। फरवरी में ओंकार चंद शर्मा और दलीप कुमार नेगी, अगस्त में सतीश कुमार शर्मा, सितंबर में चंदर प्रकाश वर्मा और पंकज राय तथा अक्टूबर में हरबंस सिंह ब्रास्कॉन और आशीष कुमार कोहली सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होंगे।

पांच विभागों के अधिकारियों की भी सेवानिवृत्ति तय

सरकार ने आईएएस अधिकारियों के अलावा पांच अन्य विभागों के अधिकारियों की सेवानिवृत्ति की तारीख भी तय की है।

रविंदर सिंह जसरोतिया वर्तमान में निदेशक, कृषि, हिमाचल प्रदेश, शिमला हैं। उनकी सेवानिवृत्ति 28 फरवरी 2027 को होगी।

सतीश कुमार वर्तमान में निदेशक, बागवानी, हिमाचल प्रदेश, शिमला के पद पर हैं। वह 28 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।

इंजीनियर अनिल मेहता वर्तमान में मुख्य अभियंता (डीएंडएम), जल शक्ति विभाग, शिमला हैं। उनकी सेवानिवृत्ति भी 28 फरवरी 2027 को तय की गई है।

ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा (सेवानिवृत्त) वर्तमान में निदेशक, सैनिक कल्याण, हिमाचल प्रदेश, हमीरपुर हैं। वह 31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।

इंजीनियर नरिंदर पाल सिंह चौहान वर्तमान में मुख्य अभियंता (मंडी जोन), हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग, मंडी के पद पर हैं। उनकी सेवानिवृत्ति 31 मई 2027 को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story