हिमाचल में नट फसलों की खेती बढ़ाने की तैयारी, सरकार लाई हाई वैल्यू नट मिशन
शिमला, 12 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2031 तक हाई वैल्यू नट मिशन शुरू करने का फैसला किया है। इस मिशन के तहत अखरोट, बादाम, खुमानी और चिलगोजा जैसी अधिक मूल्य वाली समशीतोष्ण नट फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का लक्ष्य उत्पादन बढ़ाना, बागों का आधुनिकीकरण करना और किसानों को अपनी उपज के बेहतर दाम दिलाने में मदद करना है।
सरकार के अनुसार राज्य में कई पुराने बाग अब कम उत्पादन दे रहे हैं। कटाई के बाद भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं। हाई वैल्यू नट मिशन के जरिए इन चुनौतियों पर काम किया जाएगा। योजना के तहत वैज्ञानिक बाग प्रबंधन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और बेहतर बाजार व्यवस्था विकसित करने पर जोर रहेगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मिशन के तहत करीब एक हजार हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल किया जाएगा। इनमें 900 हेक्टेयर पुराने और कम उत्पादन वाले बागों का वैज्ञानिक तरीके से कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए कैनोपी प्रबंधन, टॉप-वर्किंग, पुराने और अनुपयोगी पेड़ों को बदलना, मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार और जल प्रबंधन जैसी तकनीकों को अपनाया जाएगा। इसके साथ 100 हेक्टेयर क्षेत्र में उच्च घनत्व वाले मॉडल बाग विकसित किए जाएंगे, जहां अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली और स्थानीय जलवायु के अनुरूप आधुनिक खेती अपनाई जाएगी।
योजना के तहत प्रमाणित और रोगमुक्त पौध सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख नट उत्पादक क्षेत्रों में चार हाई-टेक नर्सरियां और दो उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में अनुसंधान, प्रशिक्षण, प्रदर्शन और विस्तार सेवाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे बागवान नई तकनीकों की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
मिशन में चिलगोजा के संरक्षण और पुनर्जीवन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जनजातीय क्षेत्रों में प्राकृतिक पुनर्जनन को बढ़ावा देने, समुदाय आधारित वन प्रबंधन को मजबूत करने और चिलगोजा के बीजों के अंकुरण के लिए विशेष प्रसार सुविधाएं विकसित करने का प्रावधान किया गया है। सरकार का मानना है कि इससे जैव विविधता के संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर भी तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हाई वैल्यू नट मिशन राज्य के बागवानी क्षेत्र में विकास, विविधीकरण और आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में समशीतोष्ण नट फसलों की खेती की अच्छी संभावनाएं हैं और यह मिशन आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के माध्यम से किसानों को इनका लाभ दिलाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बागों के कायाकल्प, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने पर भी काम करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

