हिमाचल में अगले हफ्ते दस्तक देगा मानसून, 1 और 2 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में अगले हफ्ते दस्तक देगा मानसून, 1 और 2 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट


शिमला, 26 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक अभी भले नहीं हुई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के हिमाचल पहुंचने की संभावना भी व्यक्त की गई है। यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो मानसून अगले सप्ताह प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहा। शिमला में सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर बाद तेज बारिश हुई। अचानक शुरू हुई वर्षा के कारण माल रोड और रिज मैदान पर घूम रहे पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों, दुकानों और शेड में शरण लेनी पड़ी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और शहर में हल्की ठंड महसूस की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में हो रही वर्षा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का परिणाम है। इसे प्री-मानसून वर्षा माना जा रहा है। विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा अभी 20 डिग्री उत्तर अक्षांश के आसपास बनी हुई है और अगले तीन से चार दिनों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून के उत्तराखंड तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद इसके हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने के आसार बनेंगे।

इस बार मानसून सामान्य तिथि से देरी से पहुंच सकता है। आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 25 जून के आसपास हिमाचल प्रदेश में दस्तक देता है, जबकि पिछले वर्ष मानसून ने 20 जून को ही प्रदेश में समय से पहले प्रवेश कर लिया था। इस बार जून का अंतिम सप्ताह समाप्त होने के बावजूद मानसून अभी प्रदेश की सीमाओं तक नहीं पहुंच पाया है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रोहड़ू में सबसे अधिक 20.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सराहन में 15.5 मिलीमीटर, पंडोह में 3.4 मिलीमीटर, चंबा एडब्ल्यूएस में 2.0 मिलीमीटर, रामपुर में 1.6 मिलीमीटर, गुलेर में 1.2 मिलीमीटर तथा शिमला और मशोबरा में 1-1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान कहीं भी हिमपात, ओलावृष्टि, घना कोहरा, लू या तेज आंधी की कोई घटना दर्ज नहीं हुई। हालांकि सुंदरनगर के मुरारी देवी क्षेत्र में गरज-चमक की गतिविधि रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून तक प्रदेश के विभिन्न भागों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस अवधि में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है और 26 से 30 जून तक पूरे प्रदेश के लिए स्थिति सामान्य बताई गई है।

हालांकि जुलाई की शुरुआत में मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है। विभाग ने 1 और 2 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में सप्ताह भर कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज और बिजली चमकने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story