हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी, ऊना-शिमला सहित पांच शहरों में लू, आंधी-ओलों का अलर्ट
शिमला, 21 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मई की गर्मी अब मैदानों से लेकर पहाड़ों तक पहुंच गई है। गुरुवार सुबह से ही राज्य के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप खिली रही और निचले व मैदानी क्षेत्रों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। हालात ऐसे हैं कि ठंडे माने जाने वाले शिमला, मनाली और कल्पा जैसे हिल स्टेशनों में भी दिन और रात दोनों गर्म महसूस होने लगे हैं। सैलानियों को भी अब इन इलाकों में गर्मी का एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान ऊना, धर्मशाला, शिमला, सोलन और पालमपुर में लू की स्थिति दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार ऊना में बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.5 डिग्री अधिक है। इसी तरह धर्मशाला में तापमान 36.1 डिग्री, पालमपुर में 34 डिग्री और सोलन में 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है।
भीषण गर्मी को देखते हुए सिरमौर जिले के पांवटा साहिब और ऊना में प्रशासन ने कई स्कूलों के समय में बदलाव किया है। यहां स्कूल सुबह जल्दी खोले जा रहे हैं जिससे बच्चों को दोपहर की तेज धूप और लू से बचाया जा सके। लोगों को भी दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
राज्य में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे रातों में भी गर्मी कम नहीं हो रही।
गुरुवार सुबह नेरी में सबसे ज्यादा 27.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद पांवटा साहिब में 26 डिग्री, देहरा गोपीपुर और पालमपुर में 25 डिग्री, बिलासपुर में 22.5 डिग्री, ऊना में 21.8 डिग्री, नाहन और कांगड़ा में 21.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 21.4 डिग्री और शिमला में 20.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मनाली में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री और कल्पा में 11 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से ऊपर है। यही वजह है कि पहाड़ी इलाकों में भी रातें गर्म बनी हुई हैं।
हालांकि बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राहत और परेशानी दोनों का अनुमान जताया है।
विभाग के अनुसार 21 से 23 मई तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार को कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
शुक्रवार को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है तथा कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इस दिन ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 23 मई को भी कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

