टीजीटी स्पेशल एजुकेटर दिव्यांग कोटे का परिणाम अटका, 86 अभ्यर्थियों की दोबारा होगी मेडिकल जांच

WhatsApp Channel Join Now
टीजीटी स्पेशल एजुकेटर दिव्यांग कोटे का परिणाम अटका, 86 अभ्यर्थियों की दोबारा होगी मेडिकल जांच


शिमला, 17 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और स्पेशल एजुकेटर्स की भर्ती में दिव्यांग कोटे के तहत आरक्षित 94 पदों का अंतिम परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है। इस मामले में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया है कि भर्ती के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 86 अभ्यर्थियों की दोबारा मेडिकल जांच करवाई जाएगी। इनमें 83 टीजीटी और छठी से 12वीं कक्षा के तीन स्पेशल एजुकेटर्स शामिल हैं। सरकार के इस कदम के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद तय की है।

न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से आधिकारिक पत्र पेश किया गया। इसमें बताया गया कि दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल, शिमला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से 86 अभ्यर्थियों की नई मेडिकल जांच के लिए तारीख, समय और स्थान निर्धारित करने का अनुरोध किया गया है। सरकार ने अदालत से इस प्रक्रिया के लिए समय मांगा, जिसके बाद अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित की गई।

यह मामला दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित शिक्षक पदों का अंतिम परिणाम घोषित नहीं किए जाने से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि राज्य सरकार ने 2 जनवरी, 2026 को बेंचमार्क दिव्यांगता श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए टीजीटी के विभिन्न पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। भर्ती के लिए दस्तावेजों का सत्यापन और काउंसलिंग की प्रक्रिया 11 अगस्त, 2026 को पूरी कर ली गई थी। राज्य चयन आयोग की सिफारिशों के आधार पर सामान्य और अन्य श्रेणियों का अंतिम परिणाम 19 सितम्बर, 2026 को घोषित कर दिया गया, लेकिन दिव्यांग कोटे के तहत आरक्षित 94 पदों का परिणाम रोक लिया गया।

याचिकाकर्ताओं ने दिव्यांग कोटे का परिणाम घोषित नहीं किए जाने को मनमाना और गैरकानूनी बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इससे पहले 6 अक्तूबर और 13 अक्तूबर को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार से भर्ती की स्थिति स्पष्ट करने को कहा था। उस समय शिक्षा निदेशक की ओर से अदालत को बताया गया था कि मेरिट सूची तैयार कर ली गई है। अब सरकार ने शॉर्टलिस्ट किए गए 86 अभ्यर्थियों की दोबारा मेडिकल जांच करवाने की जानकारी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story