हिमाचल की जनता को विकास का रिपोर्ट कार्ड दे कांग्रेस सरकार : सिसोदिया

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की जनता को विकास का रिपोर्ट कार्ड दे कांग्रेस सरकार : सिसोदिया


शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस सरकार से हिमाचल प्रदेश में विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राष्ट्रीय संस्थाओं को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय रोजगार, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब चाहती है।

सिसोदिया ने सोमवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार को बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में युवाओं के लिए कितने रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं में कितना सुधार हुआ है। उन्होंने पंचायतों और जिला परिषदों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों की स्थिति भी सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी जनता सरकार के कामकाज का आकलन कर रही है। सिसोदिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पंचायतों और जिला परिषदों को पर्याप्त संसाधन मिलना जरूरी है।

सिसोदिया ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक भ्रम पैदा करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन सार्वजनिक बहस तथ्यों, आधिकारिक रिकॉर्ड और कानूनी आधार पर होनी चाहिए।

एसआईआर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को अद्यतन करने की प्रक्रिया में हर पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस से इस प्रक्रिया पर सवाल उठाने की स्थिति में ठोस तथ्य जनता के सामने रखने को कहा।

सिसोदिया ने कहा कि हिमाचल की जनता को राजनीतिक आरोपों से अधिक सरकार के कामकाज, उपलब्धियों और आगे की कार्ययोजना की जानकारी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story