शीतकालीन सत्र से पहले 13 नवंबर को होगी हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
शीतकालीन सत्र से पहले 13 नवंबर को होगी हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक


शिमला, 07 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक 13 नवंबर को शिमला में होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है। बैठक दोपहर 2:30 बजे हिमाचल प्रदेश सचिवालय स्थित शिखर सम्मेलन हॉल में होगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।

प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला के तपोवन में आयोजित होना है। ऐसे में सत्र से ठीक पहले होने वाली इस मंत्रिमंडल बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार सत्र के दौरान सदन में पेश किए जाने वाले विधेयकों और सत्र से जुड़े अन्य कार्यों पर चर्चा कर सकती है। इन प्रस्तावों को मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भी रखा जा सकता है।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर विचार होने की संभावना है। सरकारी विभागों में प्रस्तावित भर्तियों को भी मंत्रिमंडल की हरी झंडी मिल सकती है। इसके अलावा प्रदेश में विभिन्न संस्थानों के दर्जे को बढ़ाने यानी स्तरोन्नत करने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक के एजेंडे में शामिल विषयों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार बैठक की कार्यसूची बाद में भेजी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774046 Articles

Share this story