हिमाचल में तबादलों पर रोक रहेगी जारी, सरकार ने विभागों को फिर भेजे निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में तबादलों पर रोक रहेगी जारी, सरकार ने विभागों को फिर भेजे निर्देश


हिमाचल में तबादलों पर रोक रहेगी जारी, सरकार ने विभागों को फिर भेजे निर्देश


शिमला, 04 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादलों पर लगी रोक को फिलहाल जारी रखने का फैसला किया है। सरकार ने सभी विभागों, जिला प्रशासन, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों को एक बार फिर याद दिलाया है कि अगले आदेश तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला नहीं किया जाए।

मुख्य सचिव की ओर से गुरूवार को जारी पत्र में कहा गया है कि 6 अप्रैल 2026 को तबादलों पर लगाया गया पूर्ण प्रतिबंध अभी भी प्रभावी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस संबंध में नए निर्देश जारी नहीं होते, तब तक सामान्य तबादले नहीं किए जा सकेंगे।

पत्र में यह भी कहा गया है कि किसी विशेष मामले में यदि तबादला जरूरी हो तो उसके लिए पहले सक्षम प्राधिकारी की स्पष्ट मंजूरी लेनी होगी। यह मंजूरी राज्य सरकार की तबादला नीति और वर्ष 2013 के दिशानिर्देशों के तहत ही दी जा सकेगी।

सरकार ने सभी विभागों और संस्थानों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। साथ ही आदेशों को अधीनस्थ कार्यालयों तक तुरंत पहुंचाने और कर्मचारियों को इसकी जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि बिना अनुमति किसी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला किया गया या निर्देशों की अनदेखी हुई तो इसे गंभीर मामला माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।

हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों के तबादलों पर रोक अप्रैल महीने में लगाई गई थी। अब सरकार ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि यह रोक अगले आदेश तक जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story