हिमाचल प्रदेश में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप


हिमाचल प्रदेश में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप


शिमला, 17 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भूकम्प के झटके लगे हैं। शिमला में शनिवार तड़के भूकम्प के झटकों से धरती हिली। भूकम्प की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 रही। राष्ट्रीय भूकम्प विज्ञान केंद्र के मुताबिक ये झटके सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर कुछ सेकंड तक रहे।

भूकम्प का केंद्र शिमला में 31.298 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.529 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रहा और इसकी गहराई जमीन की सतह से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। शिमला जिला के रामपुर में लोगों ने भूकम्प के तेज़ झटकों को महसूस किया और घरों से बाहर आ गए। भूकंप के झटकों के कारण किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। इससे पहले शिमला में 26 अगस्त की सुबह भी भूकंप के हल्के झटके लगे थे।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक भूकम्प के झटकों से फिलहाल शिमला जिला व आसपास के क्षेत्रों में किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। हिमाचल प्रदेश में कई बार कम तीव्रता के भूकम्प के झटके लग चुके हैं। हालांकि किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।

हिमाचल प्रदेश में भूकंप का लगातार आना लोगों को दहशत में डाल रहा है। पिछले कई सालों से यहां भूकम्प के झटके लग रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश भूकम्प की दृष्टि से अति संवेदनशील जोन 4 व 5 में शामिल है। कुछ माह पहले भारतीय मानक ब्यूरो के नए भूकंपीय मानचित्र के अनुसार पूरे हिमाचल प्रदेश को भूकंप के सबसे खतरनाक जोन-6 में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में केंद्र सरकार ने इस नए जोन-6 मानक को रद्द कर पुराना सिस्मिक मानक फिर से लागू कर दिया है। नए भूकंप डिज़ाइन कोड के तहत पूरे हिमालयी क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश को सबसे ऊंचे जोखिम वाले जोन-6 में रखा गया था, जिससे पूरा राज्य अतिसंवेदनशील घोषित हुआ था। नए मानकों पर उठे सवालों और प्रशासनिक समीक्षा के बाद सरकार ने जोन-6 के नए नक्शे/मानक को रद्द कर दिया और पुराने भूकंपीय मानकों को ही दोबारा बहाल कर दिया है। पुराने मानकों के तहत हिमाचल जोन-4 और जोन-5 के संवेदनशील दायरे में आता है। वर्ष 1905 में कांगड़ा व चम्बा जिलों में आये विनाशकारी भूकंप से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।

प्रदेश में एक हफ्ते तक मौसम साफ

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है। हालांकि अगले एक हफ्ते तक मौसम के साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 अक्टूबर तक राज्य में बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान के सामान्य रहने और न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आने का अनुमान है। शिमला सहित राज्य के अन्य हिस्सा में आज भी दिन की शुरूआत खिली धूप से हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762268 Articles

Share this story