सेवानिवृत्ति से पहले संजय गुप्ता को सूक्खु सरकार का तोहफा, कार्यवाहक से बनाए गए नियमित मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्ति से पहले संजय गुप्ता को सूक्खु सरकार का तोहफा, कार्यवाहक से बनाए गए नियमित मुख्य सचिव


शिमला, 26 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नियमित मुख्य सचिव किया है। खास बात यह है कि संजय गुप्ता अब तक कार्यवाहक मुख्य सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे और 31 मई 2026 को उनकी सेवानिवृत्ति भी तय है। ऐसे में रिटायरमेंट से महज पांच दिन पहले उन्हें कार्यवाहक से स्थायी मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश सरकार की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल ने जनहित में संजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से हिमाचल प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले वे अतिरिक्त मुख्य सचिव (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और हाउसिंग) के पद पर कार्यरत थे और साथ ही मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और हाउसिंग) का अतिरिक्त कार्यभार आईएएस अमरजीत सिंह सचिव सहकारिता को सौंपा गया है।

सूक्खु सरकार ने अक्टूबर 2025 में संजय गुप्ता को कार्यवाहक मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी थी। उस समय भी यह फैसला काफी चर्चा में रहा था। अब सरकार ने उनके अनुभव और प्रशासनिक कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए उन्हें नियमित मुख्य सचिव बना दिया है। हालांकि उनका कार्यकाल केवल कुछ दिनों का ही बचा है, लेकिन इसके बावजूद सरकार का यह फैसला कई मायनों में अहम माना जा रहा है। संजय गुप्ता को नियमित मुख्य सचिव बनाये जाने के बाद अब उन्हें छह माह का सेवा विस्तार मिलने की संभावना कम है।

1988 बैच के आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता लंबे समय से हिमाचल प्रशासन का अहम चेहरा रहे हैं। 5 जून 1966 को जन्मे संजय गुप्ता ने सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक और मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया है। अपने करीब चार दशक लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों और पदों की जिम्मेदारी संभाली। वे प्रधान सचिव, सचिव, प्रबंध निदेशक, निदेशक, अतिरिक्त आयुक्त, संयुक्त सचिव, अतिरिक्त उपायुक्त और उपमंडलाधिकारी जैसे पदों पर काम कर चुके हैं।

प्रदेश में नए मुख्य सचिव को लेकर कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। 31 मई 2026 को उनकी सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केके पंत (1993 बैच) को हिमाचल का अगला मुख्य सचिव बनाया जा सकता है, क्योंकि संजय गुप्ता के बाद वे सबसे वरिष्ठ आईएएस हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story