योग दिवस के कार्यक्रम के बाद जोल सप्पड़ में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
हमीरपुर, 20 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग द्वारा रविवार सुबह अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रविवार सुबह करीब सवा छह बजे हमीरपुर पहुंचेंगे और अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में योगाभ्यास सत्र में भाग लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा और अन्य गणमान्य अतिथियों सहित लगभग दो हजार लोग योगाभ्यास करेंगे।
योगाभ्यास सत्र में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज के नए परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढे बारह बजे शिमला लौट जाएंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए आयुष विभाग और जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने हमीरपुरवासियों से रविवार सुबह इस योगाभ्यास सत्र में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उपायुक्त ने जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

