हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में ड्रेस कोड और यूनिफॉर्म तय, भवनों के लिए भी तय किए गए रंग

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में ड्रेस कोड और यूनिफॉर्म तय, भवनों के लिए भी तय किए गए रंग


शिमला, 10 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में वीरवार को यहां शिक्षा विभाग की बैठक हुई। बैठक में सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों के ड्रेस कोड, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों के रंगों को अंतिम रूप देने के संबंध में चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की विशिष्ट यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। इन स्कूलों की महिला शिक्षिकाएं हल्के लाइलैक यानी बैंगनी रंग की पोशाक पहनेंगी। पुरुष शिक्षकों के लिए हल्के नीले रंग की पैंट और शर्ट निर्धारित की गई है।

सीबीएसई स्कूलों के भवनों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों से रंगा जाएगा। शिक्षकों का ड्रेस कोड साफ-सुथरा, औपचारिक, शालीन और पेशेवर होगा। इसमें सहायक वस्तुओं का न्यूनतम इस्तेमाल किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान शिक्षकों के लिए अपना पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सीबीएसई स्कूलों में आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 80 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इन स्कूलों के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये भी जारी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story