हिमाचल भाजपा ने 17 संगठनात्मक जिलों में प्रभारी किए तैनात, चेतन बरागटा को सोशल मीडिया-आईटी की जिम्मेदारी
शिमला, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने संगठन को जिला स्तर पर और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 17 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने वीरवार को इन नियुक्तियों की घोषणा की। इसके साथ ही पूर्व प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा को पार्टी के सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
जारी सूची के अनुसार चंबा जिले का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार और सह-प्रभारी पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश राणा को बनाया गया है। नूरपुर की जिम्मेदारी पूर्व सांसद सुरेश चंदेल को दी गई है, जबकि प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। कांगड़ा के प्रभारी विधायक विक्रम ठाकुर और सह-प्रभारी प्रदेश मीडिया सह-संयोजक संजीव शर्मा होंगे। देहरा जिले का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेश ठाकुर और सह-प्रभारी प्रदेश सचिव वंदना योगी को बनाया गया है।
पालमपुर का प्रभारी पंचायतीराज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनोद ठाकुर और सह-प्रभारी प्रदेश प्रवक्ता पंकज जमवाल होंगे। लाहौल-स्पीति में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा नितिन कुमार को प्रभारी और किसान मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ज्योति कपूर को सह-प्रभारी बनाया गया है। कुल्लू जिले का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा और सह-प्रभारी प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा होंगी। मंडी का प्रभारी पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज और सह-प्रभारी प्रदेश मीडिया सह-संयोजक भीम सेन को नियुक्त किया गया है।
सुंदरनगर जिले का प्रभारी प्रदेश सचिव तिलकराज शर्मा और सह-प्रभारी प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट होंगी। हमीरपुर में प्रदेश सचिव अमित ठाकुर को प्रभारी और सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रियव्रत शर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। ऊना जिले का प्रभारी प्रदेश सचिव शिशु भाई धर्मी और सह-प्रभारी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व प्रदेश सचिव विशाल चौहान होंगे। बिलासपुर का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद और सह-प्रभारी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा को बनाया गया है।
सोलन जिले की जिम्मेदारी प्रदेश सह-संयोजक समस्त प्रकोष्ठ राजपाल सिंह को दी गई है, जबकि प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज सह-प्रभारी होंगी। सिरमौर का प्रभारी प्रदेश सचिव डॉ. संजय ठाकुर और सह-प्रभारी प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा बनाए गए हैं। महासू जिले का प्रभारी राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार और सह-प्रभारी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशुतोष वैद्य होंगे। शिमला जिले का प्रभारी प्रदेश सचिव सुमीत शर्मा और सह-प्रभारी प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर को नियुक्त किया गया है। किन्नौर जिले का प्रभारी प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और सह-प्रभारी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय परमार होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

