रेणुका झील में एकादशी पर पवित्र हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

WhatsApp Channel Join Now
रेणुका झील में एकादशी पर पवित्र हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी


नाहन, 20 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिला के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री रेणुका जी में अंतरराष्ट्रीय रेणुका जी मेले के अगले दिन एकादशी पर पवित्र झील में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। शुक्रवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेणुका जी पहुंचने लगे और पवित्र झील के तटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास की दशमी को माता रेणुका और उनके पुत्र भगवान परशुराम के पवित्र मिलन के उपलक्ष्य में अंतरराष्ट्रीय रेणुका जी मेले का आयोजन किया जाता है। मेले के अगले दिन एकादशी पर रेणुका झील में स्नान करने की सदियों पुरानी परंपरा है। सिरमौर जिला में इस पवित्र स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।

इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने झील में स्नान करने के साथ-साथ दान-पुण्य भी किया। कई श्रद्धालुओं ने अपनी फसल, विशेषकर मक्की का दान कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया।

स्थानीय निवासी सुभाष शर्मा और दयाराम ने बताया कि एकादशी के दिन रेणुका झील में स्नान का विशेष महत्व है। सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। लोग श्रद्धा के साथ पवित्र स्नान कर रहे हैं और दान-पुण्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आज देवउठनी एकादशी भी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। ऐसे में रेणुका झील में पवित्र स्नान का महत्व और भी बढ़ जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story