पांवटा साहिब में ट्राले की टक्कर से स्कूटी चालक घायल, चालक मौके से फरार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 मई (हि.स.)। पांवटा साहिब में एक ट्राले की टक्कर से स्कूटी चालक घायल हो गया, जबकि आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल शर्मा निवासी गांव बाग हावड़ा, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि 19 मईको वह अपने पेट्रोल पंप से कमरे की ओर जा रहा था। जब वह साहिबजादा अजीत सिंह चौक, भूपपुर के पास पहुंचा तो उसने देखा कि रैनबैक्सी चौक की ओर से पांवटा साहिब जा रहे एक ट्राले ने चौक पार करते समय आगे चल रही स्कूटी को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

राहुल शर्मा ने घायल स्कूटी चालक को देखा तो वह उसके पेट्रोल पंप पर कार्यरत कैशियर योगराज वालिया निकले। घायल की स्कूटी का नंबर HP17C-2156 बताया गया है।

घटना के बाद मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर ट्राले का नंबर HR38AJ-8419 सामने आया। इसके आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story