सेवा ही जीवन, त्याग ही पूजा : हृदयवासी सेवा समिति ने विभूतियों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
सेवा ही जीवन, त्याग ही पूजा : हृदयवासी सेवा समिति ने विभूतियों को किया सम्मानित


मंडी, 23 नवंबर (हि.स.)। सेवा का एक ही तरीका है और वह है त्याग। प्रेम, करुणा, त्याग और समर्पण भाव से की गई मानवीय सेवा ही सही मायनों में जीवन का अर्थ पा लेती है। यह दार्शनिक मत आज सत्य साईं बाबा के जन्मोत्सव की पावन बेला पर मानवीय सेवा को समर्पित संस्था हृदयवासी सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश बिष्ट ने सामने रखा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राकेश कपूर ने जीवन में विवेक और विनय की महत्ता पर अपने ओजस्वी विचार रखे।

उन्होंने कहा कि विवेक ही मनुष्य को सही मार्ग दिखाता है और विनय उसे महान बनाती है। जिस जीवन में विवेक और विनय का संगम हो जाता है, वही जीवन सच्चे अर्थों में सेवा और साधना बन जाता है। इसी सुंदर भाव से देश, समाज और मानवीय सेवा को समर्पित विभूतियों को आज पड्डल स्थित हृदय मंदिर परिसर में सम्मान से नवाजा गया।

इस अवसर पर समिति के सातवें महायज्ञ की पूर्णाहुति भी हुई। हृदय मंदिर में शतचंडी यज्ञ, गायत्री पाठ और श्रीमद्भागवत कथा के आध्यात्मिक संगम ने समूचे माहौल को भक्तिमय बना दिया। संयोजक रमण बिष्ट ने कहा कि ये विभूतियां वह दीप हैं, जो अपने प्रकाश से दूसरों का मार्ग आलोकित करती हैं। इन्होंने पद, प्रतिष्ठा और सुविधा से ऊपर उठकर मानवता को ही अपना धर्म माना है। इनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि जब सेवा में स्वार्थ नहीं होता, तो वह साधना बन जाती है।

सम्मानित हुई विभूतियां

डा. सुशील शर्मा भ्यूली निवासी, कुल्लू से मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त। रिटायरमेंट के बाद भी इन्होंने आराम को नहीं, बल्कि सेवा को ही अपना धाम बना लिया। आज भी निशुल्क चिकित्सा सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। इलाके में इन्हें सबका अपना डॉक्टर कहा जाता है, क्योंकि जिस गली से भी गुजरते हैं, लोग स्नेह और विश्वास से चिकित्सकीय परामर्श के लिए घेर लेते हैं। इनके लिए चिकित्सा पेशा नहीं, पूजा है। करसोग की पांगणा घाटी से ताल्लुक रखने वाले युवा कथा व्यासकथा व्यास शशांक कृष्ण कौशल। मधुर वाणी और ओजस्वी विचारों से श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से युवाओं में आध्यात्मिक चेतना जगा रहे हैं। इनकी कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और संवारने की प्रेरणा है। कम समय में ही कृष्ण कृपा से पूरे क्षेत्र में ख्याति अर्जित की।

वहीं जोनल अस्पताल मंडी में सेवारत प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वरुण कपूर। अब तक 3500 से 4000 महिलाओं का सफल प्रसव कराकर न जाने कितने घरों में नन्ही किलकारियों की खुशियां बिखेरी हैं। इनके हाथों में केवल चिकित्सकीय कौशल नहीं, बल्कि ममता, संवेदना और स्नेह का स्पर्श भी है। दूरबीन से महिलाओं की रसोली व अन्य जटिल रोगों के इलाज में सिद्धहस्त। मंडी में हर मां, हर बहन और हर बेटी के लिए ये केवल डॉक्टर नहीं, बल्कि विश्वास और भरोसे का दूसरा नाम हैं।

पब्लिक फोरम मंडी के अध्यक्ष और जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता ओपी कपूर। बिजली बोर्ड में 35 साल की सेवा के बाद ब्यास वैली पावर कॉरपोरेशन के एमडी पद से सेवानिवृत्त। 76 वर्ष की आयु में भी इनका उत्साह किसी युवा से कम नहीं। मंडी शहर की हर समस्या को वे अपनी समस्या मानकर प्रशासन से लेकर सरकार तक जनता की बुलंद आवाज बने हुए हैं। इनके लिए जनसेवा कोई कार्य नहीं, बल्कि जीवन का व्रत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story