हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक निभाई महत्वपूर्ण भूमिका : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक निभाई महत्वपूर्ण भूमिका : विनय कुमार


शिमला, 30 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर हिंदी जगत के सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि मातृभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और जनजागरण में हिंदी पत्रकारिता का अतुलनीय योगदान रहा है।

अपने शुभकामना संदेश में विनय कुमार ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान हिंदी पत्रकारिता ने राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश को स्वतंत्रता दिलाने के संघर्ष में एक मजबूत माध्यम के रूप में कार्य किया और समाज को जागरूक बनाने में अहम योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि आज भी हिंदी पत्रकारिता देश में एक विशेष स्थान रखती है। देश की बड़ी आबादी अपनी समस्याओं, जनहित के मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को हिंदी मीडिया के माध्यम से सरकार और समाज के समक्ष प्रभावी ढंग से रखती है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद ज़िंटा ने भी हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहसिक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़े कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story