हिमकेयर मामले में विजिलेंस के सामने पेश हुए भाजपा विधायक जनक राज, चार घंटे हुई पूछताछ

WhatsApp Channel Join Now
हिमकेयर मामले में विजिलेंस के सामने पेश हुए भाजपा विधायक जनक राज, चार घंटे हुई पूछताछ


शिमला, 20 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल की हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़ी की जांच के बीच भरमौर से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज गुरुवार को विजिलेंस कार्यालय पहुंचे। वह सुबह करीब 11 बजे कार्यालय पहुंचे और उनसे करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद विधायक ने सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया और कहा कि हिमकेयर योजना में किसी भी तरह की गड़बड़ी से उनका कोई संबंध नहीं है।

डॉ. जनक राज पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के पद पर रह चुके हैं। इसी दौरान हिमकेयर योजना से जुड़े बिलों को मंजूरी देने को लेकर उनसे पूछताछ की गई। विधायक ने कहा कि उनके मेडिकल सुपरिंटेंडेंट रहते करीब 95 करोड़ रुपये के बिल पास हुए थे। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में योजना के तहत किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई।

पूछताछ के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. जनक राज ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि मामले में कोई गड़बड़ी हुई है तो इसकी जांच किसी मौजूदा यानी सिटिंग जज से करवाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।

विधायक ने हिमकेयर योजना का बचाव करते हुए कहा कि यह योजना गरीब लोगों के लिए शुरू की गई थी। इसका लाभ जाति, धर्म और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव के बिना लोगों को मिला है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को इलाज की सुविधा देना था और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान इसी भावना के साथ काम किया।

डॉ. जनक राज ने नादौन में कैंप लगाने से रोके जाने के मुद्दे पर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याओं और मदद के लिए उन्हें फोन करते हैं। उनके अनुसार अगर लोगों की मदद करना कानून तोड़ना माना जाता है तो वह ऐसे कानून तोड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद करना उनका उद्देश्य है और वह किसी भी जांच या कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story