मंडी की नातिन प्रसिद्ध मॉडल एवं लेखिका रवितनया शर्मा को मिला हिमालयन श्री अवॉर्ड 2026

WhatsApp Channel Join Now
मंडी की नातिन प्रसिद्ध मॉडल एवं लेखिका रवितनया शर्मा को मिला हिमालयन श्री अवॉर्ड 2026


मंडी, 12 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल की प्रसिद्ध मॉडल, ब्यूटी पेजेंट विजेता एवं लेखिका रवितनया शर्मा को हिमालयन श्री अवॉर्ड 2026 (सीजन 3) में सम्मानित किया गया। रवितनया जो मंडी की नातिन है, उनकी माता कंचन शर्मा मंडी शहर के पुरानी मंडी से संबंध रखती है। हमीरपुर स्थित करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय में आयोजित हिमालयन श्री अवॉर्ड 2026 (सीजन 3) का आयोजन आशा किरण संस्थान द्वारा फीट ऑफ फायर फाउंडेशन एवं बैकबेंचर्स ग्रुप के सहयोग से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रज़ा मुराद रहे, जिन्होंने अपने करकमलों से रवितनया शर्मा को उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन अमित भाटिया प्रबंध निदेशक, फीट ऑफ फायर एवं मिस्टर एंड मिस नॉर्दर्न के नेतृत्व में किया गया, जिन्होंने इस अवॉर्ड शो को उत्तर भारत के सबसे बड़े मंचों में शामिल किया। रवितनया शर्मा को यह सम्मान फैशन, मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया। वे मिस यूनिवर्स पंजाब 2025 का खिताब जीत चुकी हैं तथा मिस यूनिवर्स इंडिया की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, वे मिस नवी मुंबई और मिस हिमाचल जैसे प्रतिष्ठित खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। सिर्फ सौंदर्य ही नहीं, बल्कि बौद्धिक क्षेत्र में भी रवितनया ने अपनी अलग पहचान बनाई है। वे दो पुस्तकों की लेखिका हैं, जिनकी पाठकों द्वारा व्यापक सराहना की गई है। साथ ही, उन्होंने यूजीसी परीक्षा उत्तीर्ण कर पीएचडी की दिशा में भी कदम बढ़ाया है,।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story