हिमाचल किसान सभा ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र I

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल किसान सभा ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र I


मंडी, 07 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल किसान सभा, सुंदरनगर इकाई ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एसडीएम अमर सिंह नेगी के माध्यम से मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश को मांगपत्र भेजा। जिसमें मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र के किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं के समाधान मांग की गई। यह मांगपत्र किसान सभा के जगमेल ठाकुर के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया । उन्होंने कहा कि सुंदरनगर क्षेत्र के किसान लंबे समय से रोजगार, कृषि, दूध खरीद, सड़क संपर्क, रासायनिक खाद की उपलब्धता, आवारा पशुओं, बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से किसानों और आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसान सभा के सचिव रामजी दास ने बताया कि मांगपत्र में प्रमुख रूप से विकसित भारत–गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण को स्थानीय फसल चक्र के अनुरूप तत्काल लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा किसानों को समय पर एवं उचित दरों पर रासायनिक खाद उपलब्ध कराने तथा मक्की की फसल में फैल रही फॉल आर्मीवर्म शुंडी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त दुग्ध उत्पादक किसानों को प्रत्येक माह नियमित रूप से दूध का भुगतान सुनिश्चित करने तथा चक्कर दुग्ध शीतकरण केंद्र एवं डेयरी प्लांट की क्षमता बढ़ाने की मांग भी की गई, ताकि सभी दुग्ध उत्पादकों का दूध बिना किसी कटौती के खरीदा जा सके। जिला उपाध्यक्ष जोगिंदर वालिया ने कहा की कनैड स्कूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा प्रस्तावित अंडरपास का शीघ्र निर्माण, नोलखा–भौर मार्ग पर सर्विस रोड एवं पक्की जल निकासी नालियों का निर्माण, सुंदरनगर–कपाही सड़क को प्राथमिकता के आधार पर फोरलेन से जोड़ने तथा क्षेत्र की जर्जर संपर्क सड़कों का पुनर्निर्माण करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल बंद की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल मीटर सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं, ऐसे में उपभोक्ताओं पर लगभग 10,000 रूपए का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। सुंदरनगर क्षेत्र में गौ सदन की स्थापना तथा चिट्टा, नशे एवं अन्य मादक पदार्थों के विरोध में व्यापक जन-अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story