पंजाब के गगन बने हिमाचल केसरी, सुंदरनगर के सिद्धार्थ राव रहे उप-विजेता

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के गगन बने हिमाचल केसरी, सुंदरनगर के सिद्धार्थ राव रहे उप-विजेता


मंडी, 29 मार्च (हि.स.)। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल केसरी का खिताब पंजाब के गगन ने अपने नाम किया, जबकि सुंदरनगर के सिद्धार्थ राव उप-विजेता रहे। विजेता और उप-विजेता को क्रमशः 51 हजार रुपए व गुर्ज तथा 41 हजार रुपए व बर्तन प्रदान कर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

हिमाचल कुमार अंडर-21 वर्ग में पधर के रजत विजेता रहे, जबकि ध्वाल सुंदरनगर के धीरज उप-विजेता रहे। इन्हें क्रमशः 25 हजार रुपण् व गुर्ज तथा 21 हजार रुपए व बर्तन प्रदान किए गए। सुकेत कुमार अंडर-17 प्रतियोगिता में सुंदरनगर के सौर्यवीर यादव विजेता रहे और पधर के दिवेश कुमार यादव उप-विजेता रहे। इन्हें क्रमशः 19 हजार रुपए व गुर्ज तथा 17 हजार रुपए व बर्तन देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही सुंदरनगर का सात दिवसीय राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला 2026 परम्परागत शोभा यात्रा के साथ शनिवार को सम्पन्न हो गया।

मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस गोकुल बुटेल ने इस मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और शोभा यात्रा में भाग लिया। समापन अवसर पर उनकी अगुवाई में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सुंदरनगर से नागौण स्टेडियम तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। उन्होंने नागौण स्टेडियम में आयोजित कुश्ती दंगल के समापन कार्यक्रम में भी भाग लेकर विजेताओं को पुरस्कृत किया।

गोकुल बुटेल ने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनता को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान मेला न केवल हिमाचल, बल्कि पूरे उत्तर भारत का एक प्राचीन और ऐतिहासिक मेला है, जिसे परंपरागत रूप से उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है। यह मेला हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा का प्रतीक होने के साथ-साथ उत्तरी भारत के प्रमुख मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि नलवाड़ मेला प्राचीन समय से ही पशुओं के क्रय-विक्रय के लिए प्रसिद्ध रहा है।

उन्होंने मेले की नशा मुक्त सुंदरनगर थीम की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story