ज्ञान विज्ञान समिति मात्र एक संगठन नहीं बल्कि समाज निर्माण का आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान विज्ञान समिति मात्र एक संगठन नहीं बल्कि समाज निर्माण का आंदोलन


मंडी, 02 मई (हि.स.)। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति का 21वां जिला सम्मेलन साक्षरता भवन सौली खड्ड में मंडी में शनिवार को शुरू हुआ। सम्मेलन में 13 ब्लॉकों से लगभग 100 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग शामिल ले रहे हैं। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने कहा कि हिमाचल में 1991 में साक्षरता अभियान के साथ शुरू हुआ, जन विज्ञान आंदोलन अभी 35 वर्ष पूरे करने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति मात्र एक संगठन नहीं बल्कि एक ऐसे समाज के निर्माण का आंदोलन है जिसमे अपनी और अपने आसपास की परिस्थितियों को समझने और उन्हें बेहतर करने के लिए समाधान खोजने में सक्षम हो। वर्तमान स्थितियों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि विकास के तमाम सरकारी दावों के बावजूद मानव विकास सूचकांक बताते हैं कि हमारा देश हर स्तर पर पिछड़ा रहा है।

उन्होंने ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा प्रदेश सरकार के सहयोग से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे युवा बचाओ भविष्य बचाओ अभियान और पंचायतों और स्थानीय निकायों के आने वाले चुनावों को देखते हुए हिमाचल दिवस के अवसर पर आरंभ किए संकल्प नशा मुक्त चुनाव प्रचार के बारे में बताया।

इस मौके पर उन्होंने समिति द्वारा देश भर में चलाऐ जा रहे फयूॅचर ऑफ इंडिया कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया। जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने और जो नशे में जा चुके हैं उन्हें इससे बाहर लाना होगा। समिति राष्ट्रीय स्तर से गांव स्तर तक यह अभियान चला रही है जिसमें युवाओं के साथ विभिन्न स्तरों पर संवाद किया जायेगा उन्हें संगठन के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति से विशेष अतिथि के रूप में आए सोहन दास ने कहा कि आज समाज में रूढ़ियों, अंधविश्वासों, बांटने वाले राष्ट्रवादी विचारों और लगातार बढ़ते सांप्रदायिक माहौल में वैज्ञानिक सोच ही समाज को आगे ले जा सकती है। ऐसे में युवाओं को हिंसक, असहिष्णु और असभ्य होने से बचाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से चीजों को समझने वाला बनाना होगा। इस काम के लिए समर्पित और तर्कशील कार्यकर्ताओं की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story