मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी की प्रगति की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 01 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज चंडीगढ़ के निकट बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही इस नए शहर का विकास कार्य शुरू करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम-चंडीगढ़ सिटी को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और आवश्यक नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित एक आधुनिक, सुनियोजित एवं टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित शहर का सुनियोजित, सतत एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरसा नदी के किनारे लगभग नौ किलोमीटर लंबे सुविकसित रिवरफ्रंट को परियोजना में शामिल किया जाए, ताकि शहर की सुंदरता बढ़े और निवासियों को स्वच्छ, आकर्षक एवं मनोरंजन के लिए उपयुक्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकें। उन्होंने प्रस्तावित शहर से आवागमन के लिए मजबूत एवं प्रभावी सड़क संपर्क सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि आवागमन सुगम हो और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story