ज्ञान विज्ञान समिति ने लिया युवा बचाओ भविष्य बचाओ अभियान और नशा मुक्त चुनाव प्रचार का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान विज्ञान समिति ने लिया युवा बचाओ भविष्य बचाओ अभियान और नशा मुक्त चुनाव प्रचार का संकल्प


मंडी, 03 मई (हि.स.)। जिला सम्मेलन में नवल किशोर शर्मा बने अध्यक्ष, गजेंद्र शर्मा को मिली सचिव की जिम्मेदारी।

हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति का 21वां जिला सम्मेलन युवा बचाओ भविष्य बचाओ अभियान और नशा मुक्त चुनाव प्रचार के संकल्प के साथ संपन्न हो गया। मंडी के साक्षरता भवन सौली खड्ड में आयोजित इस सम्मेलन में मंडी जिला के 13 ब्लॉकों से कुल 90 प्रतिनिधि शामिल हुए।

इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के 35 वर्षों के सफर व इस दौरान की उपलब्धियों के बारे में प्रतिभागीयों को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति मात्र एक संगठन नहीं बल्कि एक बेहतर समाज के निर्माण का एक आंदोलन है। जिसमें अपनी और अपने आसपास की परिस्थितियों को समझने, उन्हें बेहतर बनाने के लिए समाधान खोजने वाले लोगों संगठन है। आज भी हमारे समाज मे आर्थिक, समाजिक और ज्ञान आधारित विभाजन है। जिससे हमारा समाज समान रूप से विकास नहीं कर पा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास के तमाम सरकारी दावों के बावजूद मानव विकास सूचकांक बताते हैं कि हमारा देश हर स्तर पर पिछड़ा रहा है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। देश का भविष्य हमारी आज की युवा पीढी आज नशे के मक्कड़ जाल में फंसता चला जा रहा है। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा प्रदेश सरकार के सहयोग से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे युवा बचाओ भविष्य बचाओ अभियान और पंचायतों एवं स्थानीय निकायों के आने वाले चुनावों को देखते हुए हिमाचल दिवस के अवसर पर आरंम्भ किए संकल्प नशा मुक्त चुनाव प्रचार के बारे में बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story