पिछले 12 वर्षों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में आया बड़ा बदलाव : प्रोफेसर सिकंदर कुमार
शिमला, 12 जुलाई (हि.स.)। शिमला में आरोग्य भारती की ओर से रविवार को 'आरोग्यश्री सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद प्रोफेसर सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने सम्मान प्रदान किए।
इस मौके पर प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया है। उनके अनुसार हिमाचल प्रदेश को एम्स मिलने से प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है। इस योजना से बड़ी संख्या में लोग लाभ उठा रहे हैं। उनका कहना है कि आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसके जरिए करोड़ों जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
सिकंदर कुमार ने कहा कि देश में मेडिकल शिक्षा का भी तेजी से विस्तार हुआ है। उनके अनुसार वर्ष 2013-14 में देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या वर्ष 2025-26 में बढ़कर 808 हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश में सात एम्स थे, जबकि अब इनकी संख्या 23 हो चुकी है। इसी अवधि में एमबीबीएस की सीटें करीब 51 हजार से बढ़कर एक लाख आठ हजार से अधिक हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों, एम्स और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या बढ़ने से देश में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हुई हैं और भविष्य में डॉक्टरों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
उन्होंने आरोग्य भारती की ओर से आयोजित सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि समाज और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाना प्रेरणादायक पहल है।
कार्यक्रम को आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित ने भी संबोधित किया। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. एस.एस. मिन्हास भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

