बुजुर्गों के इलाज के लिए हिमाचल के तीन मेडिकल कॉलेजों में खुलेंगे जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग

WhatsApp Channel Join Now
बुजुर्गों के इलाज के लिए हिमाचल के तीन मेडिकल कॉलेजों में खुलेंगे जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग


शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। बढ़ती उम्र के साथ होने वाली बीमारियों के इलाज के लिए अब हिमाचल प्रदेश में बुजुर्गों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की तैयारी है। प्रदेश सरकार ने तीन प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग खोलने को मंजूरी दी है। इनमें आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा और श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक शामिल हैं। इन विभागों के संचालन के लिए जरूरत के अनुसार सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट के पद भी सृजित कर उन्हें भरने की मंजूरी दी गई है। एक सरकारी प्रवक्ता ने रविवार को ये जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि जेरियाट्रिक मेडिसिन चिकित्सा विज्ञान की वह विशेषज्ञ शाखा है, जिसमें बुजुर्गों की उम्र से जुड़ी बीमारियों की पहचान, उपचार और रोकथाम पर ध्यान दिया जाता है। इसमें केवल किसी एक बीमारी या शरीर के अंग का इलाज नहीं होता, बल्कि मरीज की पूरी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर उपचार किया जाता है। बढ़ती उम्र के साथ होने वाली शारीरिक समस्याओं के अलावा मानसिक और मनोवैज्ञानिक बदलावों तथा सामाजिक जरूरतों को भी उपचार का हिस्सा बनाया जाता है।

एक साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं का होगा उपचार

प्रवक्ता ने कहा कि बुजुर्गों में अक्सर एक ही समय में कई तरह की बीमारियां और स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं। ऐसे मरीजों के इलाज में उनकी शारीरिक क्षमता, मानसिक स्थिति और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता को समझना जरूरी होता है। जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग में इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ उपचार किया जाएगा। इसके तहत उम्र बढ़ने की सामान्य प्रक्रिया और उससे जुड़ी बीमारियों के बीच अंतर को समझकर समय पर बीमारी की पहचान और उचित इलाज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस विशेषज्ञता का एक प्रमुख उद्देश्य उम्र से संबंधित दिव्यांगता और बीमारियों की रोकथाम करना तथा बुजुर्गों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है। नए विभागों में वरिष्ठ नागरिकों को विशेष जांच और उपचार की सुविधाएं मिलेंगी। इससे उन्हें अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध हो सकेगी।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति को भी मंजूरी

प्रवक्ता के मुताबिक प्रदेश सरकार ने तीनों मेडिकल कॉलेजों में विभाग स्थापित करने के साथ इनके संचालन के लिए सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट के पद सृजित कर भरने की स्वीकृति भी दी है। इससे चिकित्सा सेवाओं के साथ इस क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों को प्रशिक्षण और अपनी दक्षता विकसित करने के अवसर भी मिलेंगे। सरकार का मानना है कि मेडिकल कॉलेजों में इस तरह के विभाग स्थापित होने से बुजुर्गों के इलाज के लिए एक समर्पित स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार होगी।

इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेज में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित होने से बुजुर्ग मरीजों को विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा। इससे वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्यापक और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा संस्थानों को मजबूत करने और प्रदेश में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story