प्रदेश के स्कूलों में स्वास्थ्य जांच के दौरान 100 फीसदी बच्चों की उपस्थिति जरूरी

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत होने वाली स्वास्थ्य जांच के दौरान नर्सरी से 12वीं कक्षा तक सभी नामांकित विद्यार्थियों की 100 फीसदी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी उपनिदेशक प्रारंभिक और उच्च शिक्षा को इस संबंध में स्कूल स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

शिक्षा विभाग के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्य टीमें जब स्कूलों में स्वास्थ्य जांच शिविर या स्वास्थ्य अभियान के लिए पहुंचेंगी, उस समय स्कूल प्रबंधन को सभी नामांकित विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। यह व्यवस्था शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान लागू रहेगी।

विभाग का कहना है कि सभी बच्चों की मौजूदगी से स्वास्थ्य टीमों को प्रत्येक विद्यार्थी की जांच करने और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य जांच के साथ विद्यार्थियों को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां भी दी जाएंगी। ये गोलियां साप्ताहिक आधार पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को छह महीने में एक बार कृमिनाशक दवा दी जाएगी।

शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य टीमों के स्कूल पहुंचने पर उन्हें पूरा सहयोग दिया जाए और सभी पात्र विद्यार्थियों तक जांच और दवाओं का लाभ पहुंचाया जाए।

विभाग ने स्कूलों में होने वाली स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण की प्रगति की जानकारी भी नियमित रूप से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को हर महीने गूगल शीट के माध्यम से यह जानकारी शिक्षा निदेशालय को भेजनी होगी। इसमें स्वास्थ्य जांच शिविरों और दवाओं के वितरण से जुड़ी प्रगति की जानकारी शामिल होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story