धारा 118 से नहीं कोई छेड़छाड़, विपक्ष कर रहा राजनैतिक बयानबाजी : हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now
धारा 118 से नहीं कोई छेड़छाड़, विपक्ष कर रहा राजनैतिक बयानबाजी : हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार धारा 118 में कोई छेड़छाड़ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए धारा 118 को लेकर झूठे आरोप लगा रही है। प्रदेश सरकार जल्द ही नई औद्योगिक नीति मंत्रिमंडल के समक्ष लाने जा रही है, जिसमें उद्योगों को अधिक सुविधाएं देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय उद्योग स्थापित करने के प्रावधान किए जाएंगे।

हर्षवर्धन चौहान बुधवार को नाहन स्थित बचत भवन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा सहित कार्यक्रम के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले को विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

हर्षवर्धन चौहान ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने कार्यक्रम के गैर-सरकारी सदस्यों से भी सतर्कता के साथ कार्य करने और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story