सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम जनसेवा और जनसंवाद का महत्वपूर्ण माध्यम : हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now
सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम जनसेवा और जनसंवाद का महत्वपूर्ण माध्यम : हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार को जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के कोटी धमान ग्राम पंचायत में आयोजित ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच संवाद, सहभागिता और विश्वास को और अधिक मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जब सरकार गाँव की चौखट तक पहुंचती है, तो लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जनसेवा का जीवंत स्वरूप बन जाता है। उन्होंने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को उनके घर-द्वार के समीप सुनना तथा उनका यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। प्रदेश सरकार द्वारा जिला सिरमौर सहित हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन तथा सरकार के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सरकार को जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और उनके अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के दौरान 20 इंतकाल, 10 एफिडेविट तथा 15 विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त 6 शिकायतें एवं 37 मांगें प्राप्त हुईं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 49 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और दवाईयां वितरित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story