कांग्रेस का सिरमौर में रहेगा दबदबा, जिला परिषद में भी बनेगा अध्यक्ष : हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का सिरमौर में रहेगा दबदबा, जिला परिषद में भी बनेगा अध्यक्ष : हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 08 मई (हि.स.)। उद्योग मंत्री ने आज जिला सिरमौर में कांग्रेस की मजबूती का दावा करते हुए कहा कि इस बार जिला परिषद की 17 सीटों पर कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और जिला परिषद में कांग्रेस का ही अध्यक्ष बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों के दौरान विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं, जिसका लाभ सीधे तौर पर आम जनता तक पहुंचा है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता विकास और मुद्दों की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बंगाल चुनाव का हिमाचल प्रदेश के पंचायत चुनावों पर किसी भी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा। यहां के लोग स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को देखकर मतदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंचाए गए हैं, जिससे जनता सरकार के कार्यों से संतुष्ट है।

उन्होंने कहा कि आज वार्ड नंबर 6 सतौन से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी द्वारा नामांकन भरा गया है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा तथा जीत निश्चित होगी। उद्योग मंत्री ने प्रत्याशी की सराहना करते हुए कहा कि वह लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने अपने निजी खर्चे से गांव की सड़कों के निर्माण में सहयोग किया है तथा जरूरतमंद और गरीब लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य भी किया है। ऐसे समाजसेवी व्यक्तियों को क्षेत्र की जनता दिल से समर्थन देती है और यही कारण है कि लोग उन्हें अपने बीच लोकप्रिय नेता के रूप में देखते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story